राज्य
02-Jun-2026
...


:: बदनावर और मनावर में दुकानों से लिए गए मिर्च, हल्दी, कोल्ड ड्रिंक और केक सहित 13 नमूने; भोपाल भेजी रिपोर्ट :: धार (ईएमएस)। कलेक्टर राजीव रंजन मीना के निर्देश और खाद्य सुरक्षा आयुक्त के आदेश पर खाद्य सुरक्षा प्रशासन धार द्वारा मंगलवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में आकस्मिक निरीक्षण और सैंपलिंग की बड़ी कार्रवाई की गई। इस मुहिम के दौरान बदनावर में दो प्रतिष्ठान बिना लाइसेंस के व्यापार करते पाए गए, जिन पर नियमानुसार प्रकरण दर्ज किए गए हैं। इसके साथ ही बदनावर और मनावर क्षेत्र के कुल 06 प्रतिष्ठानों से 13 खाद्य पदार्थों के नमूने (सैंपल) जांच के लिए जब्त किए गए हैं। खाद्य सुरक्षा दल ने ग्राम रेशमगारा (तहसील बदनावर) स्थित नानेश किराना का निरीक्षण किया, जहां संचालक गिरधारीलाल पाटीदार बिना लाइसेंस के व्यापार करते मिले। टीम ने मौके पर बिना लाइसेंस का प्रकरण दर्ज कर निधि ब्रांड मिर्च पाउडर और बसंत ब्रांड हल्दी पाउडर के नमूने लिए। इसी तरह अणु नगर (बदनावर) स्थित महावीर ट्रेडर्स पर प्रभारी विक्रेता सौरभ जैन के पास लाइसेंस नहीं मिलने पर कार्रवाई की गई। टीम ने वहां खड़े दो वाहनों (क्रमांक MP 42G 1256 और MP 43 ZN 6318) से चावल के दो नमूने लिए और 27 टन चावल जब्त कर विक्रेता की अभिरक्षा में सौंप दिया। इसके अलावा अणु नगर के ही विजय ट्रेडर्स से स्प्राइट कोल्ड ड्रिंक का नमूना लिया गया। :: मनावर क्षेत्र की बेकरी और जूस सेंटर पर भी दबिश :: विभाग की टीम ने मनावर क्षेत्र में भी सघन जांच अभियान चलाया। यहां बालाजी बेकरी एंड कैफे से मैदा, बेकिंग पाउडर, सॉस और चॉकलेट केक के चार सैंपल लिए गए। इंदौर रोड स्थित जयमाताजी जूस सेंटर से आम रस व लस्सी तथा सिंघाना रोड स्थित खंडेलवाल बेकरी हाउस से ब्रेड और मैदा के नमूने जांच हेतु लिए गए। अभिहित अधिकारी सचिन लौंगरिया ने बताया कि सभी 13 नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद संबंधितों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी आर. जी. माउता और सुभाष खेडकर भी शामिल रहे। प्रकाश/02 जून 2026