महाराष्ट्र एटीएस और दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल की संयुक्त कार्रवाई मुंबई,(ईएमएस)। संदिग्ध आतंकी नेटवर्क और अंडरवर्ल्ड कनेक्शन से जुड़े मामले की जांच में सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है। महाराष्ट्र आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) और दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने संयुक्त अभियान चलाकर हुजैफा नामक संदिग्ध को मुंबई से गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसियों का आरोप है कि वह पाकिस्तान में बैठे एक हैंडलर के संपर्क में था और आतंकी नेटवर्क से जुड़े लोगों के साथ उसके संबंधों की जांच की जा रही है। सूत्रों के अनुसार, हुजैफा की गिरफ्तारी के लिए सुरक्षा एजेंसियां पिछले तीन दिनों से महाराष्ट्र के विभिन्न इलाकों में लगातार छापेमारी कर रही थीं। तकनीकी निगरानी और खुफिया सूचनाओं के आधार पर उसके ठिकाने का पता लगाया गया, जिसके बाद बुधवार को मुंबई में उसे हिरासत में ले लिया गया। जांचकर्ताओं का मानना है कि हुजैफा का संबंध भगोड़े अंडरवर्ल्ड सरगना दाऊद इब्राहिम के करीबी सहयोगी सैयद मुद्दसर हुसैन उर्फ मुन्ना झिंगड़ा से था। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार मुन्ना झिंगड़ा वर्तमान में पाकिस्तान में छिपा हुआ है और उस पर भारत में सक्रिय कुछ संदिग्ध आतंकी तत्वों को निर्देश देने का आरोप है। अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में पहले गिरफ्तार किए गए कई संदिग्धों के तार भी मुन्ना झिंगड़ा से जुड़े पाए गए थे। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि हुजैफा की भूमिका केवल संपर्क सूत्र की थी या वह किसी बड़े नेटवर्क का सक्रिय हिस्सा था। सुरक्षा एजेंसियां अब उसके मोबाइल फोन, डिजिटल उपकरणों और संचार रिकॉर्ड की जांच कर रही हैं। अधिकारियों को उम्मीद है कि पूछताछ से पाकिस्तान स्थित नेटवर्क, फंडिंग चैनलों और अन्य संदिग्ध संपर्कों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है। एटीएस और स्पेशल सेल के अधिकारी फिलहाल मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रहे हैं। हिदायत/ईएमएस 03जून26