लखनऊ,(ईएमएस)। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने विपक्षी इंडिया गठबंधन पर तीखा हमला बोलकर कमजोर और प्रभावहीन बताया है। विपक्षी दलों की प्रस्तावित बैठक से पहले उन्होंने कहा कि गठबंधन में शामिल दल अपने-अपने राज्यों तक ही सीमित प्रभाव रखते हैं और राष्ट्रीय स्तर पर कोई मजबूत राजनीतिक ताकत खड़ी करने में सफल नहीं हुए हैं। योगी के मंत्री राजभर ने कहा कि इंडिया गठबंधन में शामिल नेताओं के पास अपने राज्यों में भले ही राजनीतिक आधार हो, लेकिन दूसरे राज्यों में उनका प्रभाव बेहद कम है। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी का प्रभाव पश्चिम बंगाल तक सीमित है, जबकि कांग्रेस भी कई राज्यों में अपना जनाधार खो चुकी है। इसके बाद में अलग-अलग राज्यों के क्षेत्रीय दलों के एक मंच पर आने मात्र से कोई मजबूत राजनीतिक विकल्प तैयार नहीं हो जाता। उनके अनुसार यही कारण है कि इंडिया गठबंधन अपेक्षित प्रभाव पैदा करने में असफल रहा है। राजभर की यह टिप्पणी तब आई है, जब सूत्रों के मुताबिक इंडिया ब्लॉक के नेता 8 जून को नई दिल्ली में गठबंधन की बैठक आयोजित करने की तैयारी कर रहे हैं। इस बैठक में विभिन्न विपक्षी दलों के वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की संभावना है। बताया जा रहा है कि तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी भी बैठक में हिस्सा ले सकते हैं। इस बीच पश्चिम बंगाल की राजनीति भी लगातार चर्चा में बनी हुई है। हाल ही में तृणमूल कांग्रेस ने अपने नेताओं पर कथित हमलों के विरोध में कोलकाता में प्रदर्शन किया था। पार्टी प्रमुख ममता बनर्जी ने विरोध कार्यक्रम का नेतृत्व किया। प्रदर्शन से पहले उन्होंने डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित की और वरिष्ठ नेताओं के साथ मार्च में शामिल हुईं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आगामी बैठकों और राज्यों में बदलते राजनीतिक समीकरणों के बीच विपक्षी एकता और गठबंधन की मजबूती आने वाले समय में राष्ट्रीय राजनीति का महत्वपूर्ण विषय बनी रहेगी। आशीष दुबे / 03 जून 2026