क्षेत्रीय
03-Jun-2026
...


दतिया ( ईएमएस ) | जिले के भांडेर थाना क्षेत्र के अंतर्गत बड़ेरा मौजे में एक युवक का शव नदी में मिला है । मृतक पिछले दो दिनों से लापता था और उसकी मोटरसाइकिल नदी के किनारे एक पेड़ के नीचे खड़ी मिली। सूचना पर पहुंची भांडेर थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान अजीतपुरा निवासी विनोद यादव (38), पिता वीरसिंह यादव के रूप में की गई है। विनोद के बड़े भाई मनोज यादव ने बताया कि वह 1 जून को अपनी मोटरसाइकिल से दूध की डिलीवरी करने के लिए भांडेर कस्बा गया था, लेकिन उसके बाद वापस घर नहीं लौटा। जब देर रात तक विनोद का कोई सुराग नहीं लगा, तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की, लेकिन उसका कहीं कुछ पता नहीं चल सका था। लापता विनोद की तलाश के बीच, मंगलवार शाम करीब 5:30 बजे उसका बड़ा भाई मनोज यादव बड़ेरा मौजे लापता विनोद की तलाश के बीच, मंगलवार शाम उसका बड़ा भाई मनोज यादव बड़ेरा मौजे के हार में भैंस चराने गया था। इसी दौरान उसकी नजर वहां लगे एक नीम के पेड़ पर पड़ी, जिसके नीचे विनोद की मोटरसाइकिल खड़ी हुई थी। अनहोनी की आशंका के चलते जब मनोज ने आसपास के इलाके और नदी के घाट पर तलाश की, तो विनोद का शव नदी के पानी में औंधे मुंह पड़ा हुआ दिखाई दिया। परिजन उसे तत्काल भांडेर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस में मर्ग कायम कर लिया है | घटना की सूचना मिलने पर भांडेर पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर शव का पंचनामा तैयार किया। परिजनों के मुताबिक, मृतक विनोद अभी अविवाहित था और दो भाइयों में छोटा था। वह घर पर ही रहकर खेती-किसानी और दूध बेचने का काम करता था। पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है, और मौत की वास्तविक वजह का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।