क्षेत्रीय
03-Jun-2026
...


अशोकनगर (ईएमएस)। नगर पालिका अध्यक्ष नीरज मानोरिया ने बुधवार को अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत ईदगाह क्षेत्र में निर्माणाधीन पानी की टंकी का साइकिल से पहुंचकर निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ समय पर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पर्यावरण संरक्षण और ईंधन बचत के आह्वान के अनुरूप नगर पालिका अध्यक्ष नीरज मानोरिया प्रतिदिन साइकिल से नगर भ्रमण कर विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण कर रहे हैं। इसी क्रम में वे बुधवार को ईदगाह स्थित निर्माणाधीन पानी की टंकी का निरीक्षण करने भी साइकिल से पहुंचे। नगर पालिका अध्यक्ष ने बताया कि अमृत 2.0 योजना के तहत शहर में कुल 5 पानी की टंकियों का निर्माण किया जा रहा है। इनमें त्रिलोकपुरी कॉलोनी, ऊर्जा कॉलोनी, ईदगाह क्षेत्र, नवीन बस स्टैंड तथा श्री शिव टोरिया फिल्टर प्लांट के पास पानी की टंकियां शामिल हैं। इन सभी टंकियों का निर्माण कार्य लगभग पूर्णता की ओर है, जिससे शहरवासियों को बेहतर एवं सुचारु पेयजल व्यवस्था का लाभ मिलेगा। ईएमएस/ ओमप्रकाश रघुवंशी/ 03 जून 2026