वाहनों की चाबियां छीनीं, एफआईआर दर्ज जबलपुर (ईएमएस)। रांझी थाना अतंर्गत रिछाई के सुमन नगर क्षेत्र में बिजली मीटरों की जांच करने पहुंची विद्युत विभाग की टीम पर उपभोक्ताओं ने जमकर आक्रोश निकाला| आरोप है कि आरोपी राघव तिवारी ने कनिष्ठ यंत्री श्रीमती रुपाली ज्योतिषी और अन्य लाइन स्टाफ के साथ अभद्र व्यवहार किया। आरोपी ने न केवल सरकारी काम को रोका, बल्कि विभागीय वाहनों की चाबियां भी छीन लीं और महिला अधिकारी के साथ बदसलूकी की। रांझी पुलिस ने इस मामले में आरोपी राघव तिवारी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। इस संबंध में मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के अधारताल शहर संभाग के सहायक यंत्री विवेक नेमा ने रांझी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है कि विभागीय टीम सुमन नगर मेन रोड रिछाई में स्थित डीके तिवारी और कौशल्या तिवारी के परिसर में पहुंची थी। तभी आरोपी राघव तिवारी वहां आया और उसने हंगामा शुरू कर दिया। उसने मौके पर मौजूद सहायक यंत्री विवेक नेमा, कनिष्ठ यंत्री श्रीमती रुपाली ज्योतिषी और लाइन स्टाफ मुस्ताक अली, अंकित पटेल, रोहित अहिरवार, आजाद कोल और मयंक मानवेरे को शासकीय कार्य करने से रोका। आरोपी ने विद्युत चेकिंग की वैधानिक कार्रवाई का कड़ा विरोध करते हुए टीम के साथ तीखी बहस की। वाहनों की चाबियां छीनीं ........... आरोपी राघव तिवारी ने शासकीय कार्य में लगे वाहन संख्या एमपी 20 जेडएल 6973 और एमपी 20 एलबी 3123 की चाबियां ड्राइवरों से जबरदस्ती छीन लीं। घटनास्थल पर बिगड़ते हालात को देखकर अधिकारियों ने तुरंत रांझी पुलिस को सूचना दी। पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और आरोपी के कब्जे से विभागीय वाहनों की चाबियां वापस दिलवाईं। पुलिस ने अब इस मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर विवेचना में लिया है। सुनील साहू / मोनिका / 03 जून 2026/ 06.14