राज्य
03-Jun-2026
...


* वडोदरा के लोकप्रिय विधायक के निधन पर राज्य मंत्रिमंडल ने दो मिनट का मौन रखकर दी संवेदना गांधीनगर (ईएमएस)| गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल की अध्यक्षता में आज आयोजित राज्य मंत्रिमंडल की कैबिनेट बैठक में वडोदरा के मांजलपुर विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक, पूर्व मंत्री और गुजरात भाजपा के वरिष्ठ नेता स्वर्गीय योगेश पटेल के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया गया। बैठक की शुरुआत में ही दिवंगत नेता के निधन पर शोक प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया। इसके बाद मुख्यमंत्री सहित राज्य मंत्रिमंडल के सभी सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। प्रवक्ता मंत्री जीतू वाघाणी ने स्वर्गीय योगेश पटेल के जीवन और योगदान को याद करते हुए कहा कि वे “योगेश काका” के नाम से लोकप्रिय थे और वडोदरा की जनता के दिलों में उनका विशेष स्थान था। उन्होंने बताया कि योगेश पटेल एक ऐसे अजेय नेता थे जिन्होंने राज्य विधानसभा में लगातार आठ कार्यकालों तक रावपुरा और उसके बाद मांजलपुर सीट का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने कहा कि वडोदरा के मतदाताओं ने दशकों तक उन पर अटूट विश्वास बनाए रखा। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने राज्य सरकार में मंत्री पद की जिम्मेदारियों को भी पूरी निष्ठा से निभाया। मंत्री ने आगे कहा कि योगेश पटेल अपनी सादगी, सहज उपलब्धता और आम जनता के प्रति समर्पण के लिए जाने जाते थे। वे भगवान शिव के परम भक्त थे और उन्होंने वडोदरा को “संस्कारी नगरी” के साथ-साथ “शिवनगरी” की पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वे शिवजी की यात्राओं के आयोजन से भी गहराई से जुड़े रहे। वडोदरा शहर के विकास में, विशेषकर पानी, सड़क और ड्रेनेज जैसी बुनियादी सुविधाओं के सुधार में उनका योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है। योगेश काका वडोदरा की सामाजिक और सांस्कृतिक पहचान से गहराई से जुड़े रहे। उनके निधन को राज्य के सार्वजनिक जीवन के लिए एक अपूरणीय क्षति बताया गया। सतीश/03 जून