रायपुर (ईएमएस)। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा थाना एवं एसीसीयू रायपुर की संयुक्त टीम ने मादक पदार्थों की अवैध तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटर अजय मोटवानी उर्फ अज्जू को गांजा बेचते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। मिली जानकारी के अनुसार 3 जून 2026 को सूचना मिली थी कि थाना तेलीबांधा का हिस्ट्रीशीटर अजय मोटवानी उर्फ अज्जू शताब्दी नगर स्थित श्मशान घाट के पास अवैध रूप से गांजा बिक्री करने की फिराक में है। सूचना के सत्यापन के बाद थाना तेलीबांधा एवं एसीसीयू रायपुर की संयुक्त विशेष टीम का गठन कर मौके पर रवाना किया गया। मुखबिर की सूचना के आधार पर शताब्दी नगर श्मशान घाट के पास घेराबंदी कर कार्रवाई की गई, जहां आरोपी अजय मोटवानी उर्फ अज्जू (36 वर्ष), पिता स्वर्गीय किशन चंद मोटवानी, निवासी गली नंबर-2, पूनम किराना स्टोर्स के पास, थाना तेलीबांधा को अवैध रूप से गांजा बेचते हुए पकड़ा गया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 2 किलो 186 ग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 20 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने गांजा जब्त कर आरोपी के विरुद्ध तेलीबांधा थाना में धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामल दर्ज किया गया है। सत्यप्रकाश/चंद्राकर/3 जून 2026