क्षेत्रीय
03-Jun-2026
...


- स्मार्ट पहल से दशकों से पानी में डूबी नगर निगम की बेशकीमती जमीन का हो सकेगा जन-उपयोग अलीगढ़ (ईएमएस)। नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने बुधवार को वार्ड संख्या 9 एवं 17 स्थित नौरंगाबाद क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर नगर निगम की दशकों से जलमग्न पड़ी लगभग 84 बीघा बेशकीमती भूमि को जलभराव से मुक्त कर जनहित में विकसित किए जाने की दिशा में स्मार्ट महत्वपूर्ण पहल की है। नगर निगम संपत्ति विभाग के अनुसार लगभग 300 करोड़ रुपये मूल्य की इस भूमि का लंबे समय से उपयोग न हो पाने के कारण यह क्षेत्र विकास से वंचित रहा है। निरीक्षण में नगर आयुक्त ने इस स्थिति को बदलने के लिए तत्काल प्रभाव से स्मार्ट कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने कहा कि नगर निगम की इतनी बड़ी एवं बेशकीमती संपत्ति का वर्षों तक जलभराव की समस्या के कारण अनुपयोगी बने रहना चिंता का विषय है इस भूमि को जलभराव से मुक्त कराकर जनसामान्य के हित में उपयोग किए जाने हेतु अस्पताल, विद्यालय, पुस्तकालय, पार्क, गौशाला, वृद्धाश्रम एवं अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाओं से संबंधित परियोजनाओं के लिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने निर्देश दिए इस भूमि के समुचित विकास एवं तकनीकी मूल्यों का आकलन करने के लिए दिल्ली से विशेषज्ञ तकनीकी टीम को बुलाया जाए उक्त तकनीकी टीम नगर निगम के संपत्ति विभाग, अर्बन प्लानर एवं आर्किटेक्ट के साथ संयुक्त रूप से स्थल का सर्वेक्षण एवं पैमाइश कर विस्तृत कार्ययोजना तैयार करेगी साथ ही भूमि के उपयोग, पहुंच मार्ग, जल निकासी व्यवस्था एवं इस भूमि व आसपास के क्षेत्र से जलनिकासी के लिए अगले 20 दिनों में छर्रा अड्डा के पास नए पम्पिंग स्टेशन के माध्यम से की आवश्यक तकनीकी मानकों का भी परीक्षण किया जाएगा। नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रथम चरण में आगामी 20 दिनों में जलमग्न भूमि से पानी निकालने की कार्यवाही प्रारंभ की जाए। इसके लिए इस क्षेत्र को छर्रा अड्डा स्थित नवीन पंपिंग स्टेशन से जोड़ते हुए स्थायी जल निकासी की व्यवस्था विकसित की जाएगी, जिससे दशकों पुरानी जलभराव की समस्या का समाधान संभव हो सके। निरीक्षण के समय नगर आयुक्त ने इन दोनों वार्डो के आसपास के क्षेत्र में दशकों से जल भराव की समस्या और नगर निगम की बेशकीमती 84 बीघा जमीन के जलमग्न होने पर गहरी चिंता जताते हुए तकनीकी रूप से इसका स्थाई समाधान निकालने के उद्देश्य से इस जलमग्न भूमि के पानी को अगले 20 दिनों में छर्रा अड्डा पंपिंग स्टेशन से कनेक्ट करते हुए निकालने की कार्य योजना दिल्ली से तकनीकी टीम बुलाकर तैयार करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान स्थानीय पार्षदो व लोगों द्वारा जीटी रोड से अम्बेडकर नगर छावनी तक आने वाले मुख्य मार्ग को राजस्व अभिलेखों के अनुसार पैमाइश कराकर सड़क चैड़ीकरण की अग्रिम कार्रवाई को तत्काल शुरू किए जाने के निर्देश दिए। निरीक्षण में नगर आयुक्त को वार्ड में पूरन सिंह के आवास से आटा चक्की तक गली में सड़क निर्माण कार्य में लापरवाही व देरी के बारे में स्थानीय लोगो ने अवगत कराया मौके पर ही नगर आयुक्त ने सहायक अभियंता अखण्ड प्रताप सिंह को संबंधित ठेकेदार को अगले 7 दिन में निर्माण कार्य पूर्ण करने अन्यथा की स्थिति में फर्म को ब्लैक लिस्टेड करने के निर्देश दिए। नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने कहा नगर निगम की नौरंगाबाद स्थित लगभग 84 बीघा मूल्यवान भूमि वर्षों से जलभराव की समस्या के कारण जनहित में उपयोग नहीं हो पा रही है नगर निगम का प्रयास है इस भूमि को शीघ्र जलमुक्त कराकर जनसुविधाओं के विकास हेतु उपयोग में लाना है। छर्रा अड्डा पंपिंग स्टेशन के माध्यम से जलनिकासी की कार्ययोजना तैयार की जा रही है इस बेशकीमती भूमि को विकसित कर यहां अस्पताल, विद्यालय, पुस्तकालय, पार्क, गौशाला एवं अन्य सार्वजनिक उपयोग की परियोजनाएं स्थापित की जाएंगी। ईएमएस/ धर्मेन्द्र राघव/ 03 जून 2026