अलीगढ़ (ईएमएस)। कोतवाली नगर क्षेत्र के भुजपुरा पुलिस चैकी और उस्मान पाड़ा में पुलिस की नाक के नीचे में अवैध सट्टेबाजी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में एक युवक खुलेआम सट्टे का कारोबार करते हुए दिख रहा है। यह वीडियो भुजपुरा क्षेत्र पुलिस चैकी के पास का बताया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्यशैली और स्थानीय चैकी की भूमिका पर सवाल उठने लगे हैं। वहीं उस्मान पाड़ा में कलुआ नाम का दबंग सटोरिया खुलेआम सट्टे की खाईबाड़ी कर रहा है। सट्टे की खाईवाड़ी का वीडियो विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल हो रहा है। वीडियो में एक युवक लोगों से नंबर लेकर सट्टा लगवाते हुए स्पष्ट दिख रहा है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि भुजपुरा पुलिस चैकी के पास लंबे समय से यह अवैध सट्टे का कारोबार बेरोकटोक चल रहा है, लेकिन पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। इलाके में ऐसी चर्चा है कि रहीस पुत्र मुन्ना , जावेद उर्फ बाबू पुत्र सद्दीक, नसीम पुत्र नवी हसन निवासी भूप सिंह मन्दिर मुल्ला पाड़ा साबिर की बिल्डिंग के पास भुजपुरा थाना कोतवाली खुलेआम पुलिस चैकी प्रभारी के आशीर्वाद से खुलेआम सट्टे की खाईवाडी कर युवाओं का भविष्य बर्बाद कर रहे हैं। आरोप यह भी है कि यह धंधा पुलिस चैकी के कथित संरक्षण में फल-फूल रहा है, जिससे इन कारोबारियों के हौसले बुलंद हैं। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लिया है और जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने बताया कि वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है। यदि अवैध सट्टेबाजी की पुष्टि होती है, तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके अतिरिक्त, इस मामले में पुलिसकर्मियों की भूमिका भी जांच के दायरे में रहेगी। ईएमएस/ धर्मेन्द्र राघव/ 03 जून 2026