क्षेत्रीय
03-Jun-2026
...


इन्दौर (ईएमएस) एटीएम पर पैसा निकालने पहुंचे एक बुजुर्ग को मदद करने के बहाने झांसे में ले बदमाशों ने उनका कार्ड बदलकर उनके खाते से बीस हजार रुपए निकाल लिए। मामला परदेशीपुरा थाना क्षेत्र का है। बुजुर्ग की शिकायत के बाद पुलिस एटीएम और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल बदमाशों की तलाश कर रही है। पुलिस के अनुसार महेश पिता रामलाल वर्मा उम्र सत्तर साल निवासी परदेशीपुरा ने अपनी शिकायत में पुलिस को बताया कि मैं राखोड़ीवाला धर्मशाला के पास स्थित एसबीआइ के एटीएम बूथ रुपए निकालने गया था। उस दौरान मशीन में तकनीकी दिक्कत होने से कैश नहीं निकल रहा था। इस पर वहां मौजूद दो अज्ञात युवक मदद करने के बहाने आए और मेरा एटीएम कार्ड अपने हाथ में लिया फिर ध्यान भटकाकर चालाकी से कार्ड बदलकर उन्होंने नकली कार्ड थमा दिया। मैं मशीन में दिक्कत के कारण परेशान होता रहा। जबकि दोनों युवक वहां से चले गए। लेकिन शाम करीब 6:30 से 7:00 बजे मेरे मोबाइल पर खाते से राशि कटने के मैसेज आए तो अपने बेटे अभिदित्य वर्मा को मैंने पूरी बात बताई। उसके बाद उसने कार्ड की जांच की तथा कस्टमर केयर पर कॉल करके एटीएम कार्ड ब्लॉक करवाया, फिर थाने आकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस के अनुसार बुजुर्ग के खाते से राशि आइटीआइ कनकेश्वरी स्थित एटीएम से 10-10 हजार रुपए के दो ट्रांजेक्शन कर निकाली गई है। फिर बापट चौराहा स्थित एटीएम से भी 100 रुपए का एक और ट्रांजैक्शन किया गया। जानकारी मिलने के बाद पुलिस अब वहां के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज निकाल बदमाशों का पता लगा रही हैं। आनंद पुरोहित/ 03 जून 2026