इंदौर (ईएमएस)। आबकारी विभाग ने अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और विक्रय के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दो अलग-अलग मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से देशी व विदेशी मदिरा सहित परिवहन में प्रयुक्त दो पहिया वाहन जब्त किए गए हैं, जिनका कुल बाजार मूल्य लगभग 2.05 लाख रुपये आंका गया है। दोनों के खिलाफ मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। उड़नदस्ता प्रभारी कमलेश सोलंकी के नेतृत्व में हुई पहली कार्रवाई में उप निरीक्षक आशीष कुमार जैन ने सिंधी कॉलोनी क्षेत्र से अहिल्या पलटन निवासी मोबिन उर्फ हनी को पकड़ा। आरोपी से 100 पाव देशी प्लेन शराब और बिना नंबर का जुपिटर स्कूटर जब्त किया गया, जिसकी कीमत करीब 1.25 लाख रुपये है। दूसरी कार्रवाई में टीम ने कनाडिया बाईपास क्षेत्र से देवास निवासी गोविंद वैरागी को दबोचा। इसके पास से दो पेटी रॉयल चैलेंज विदेशी शराब और एक मोटरसाइकिल जब्त की गई, जिसकी कीमत लगभग 80 हजार रुपये है। कार्रवाई में आरक्षक मुकेश रावत, शुभम गोंड, विपुल खरे और वीरेंद्र पटेल की सराहनीय भूमिका रही। प्रकाश/02 जून 2026