सेंट पीटर्सबर्ग (ईएमएस)। रूस-यूक्रेन युद्ध में तनाव एक बार फिर चरम पर पहुंच गया है। यूक्रेन की राजधानी कीव पर रूस के भीषण मिसाइल और ड्रोन हमले के कुछ घंटों बाद यूक्रेन ने रूस के महत्वपूर्ण शहर सेंट पीटर्सबर्ग और आसपास के सैन्य व ऊर्जा ठिकानों को निशाना बनाते हुए बड़ा ड्रोन हमला किया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यूक्रेनी ड्रोन ने सेंट पीटर्सबर्ग के तेल टर्मिनल और क्रोनश्टाट नौसैनिक अड्डे को निशाना बनाया। हमलों के कारण कई स्थानों पर आग लग गई और हवाई यातायात भी प्रभावित हुआ। रूस ने दावा किया कि उसकी वायु रक्षा प्रणाली ने दर्जनों ड्रोन मार गिराए, लेकिन कुछ ड्रोन महत्वपूर्ण ठिकानों तक पहुंचने में सफल रहे। यह हमला ऐसे समय हुआ जब रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के गृह नगर सेंट पीटर्सबर्ग में रूस का प्रमुख आर्थिक सम्मेलन शुरू हो रहा है, जिसे अक्सर “रूसी दावोस” कहा जाता है। इस कार्यक्रम में कई देशों के प्रतिनिधि और कारोबारी नेता शामिल हो रहे हैं। दूसरी ओर, यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की ने इन हमलों को रूस के सैन्य और ऊर्जा ढांचे के खिलाफ रणनीतिक कार्रवाई बताया है। दोनों देशों के बीच ड्रोन और मिसाइल हमलों की बढ़ती तीव्रता से युद्ध के और लंबा खिंचने के संकेत मिल रहे हैं। सुबोध/०३-०६-२०२६