- मांड नदी में कूदने के बाद 22 घंटे चला रेस्क्यू रायगढ़(ईएमएस)। सोशल मीडिया के लिए रील बनाने का जुनून एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ है। छाल थाना क्षेत्र के हाटी गांव में रहने वाले 19 वर्षीय युवक की धरमजयगढ़ के अंबेटिकरा मंदिर के पास मांड नदी में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में शोक और सनसनी का माहौल है। जानकारी के अनुसार, युवक अपने दो दोस्तों के साथ अंबेटिकरा मंदिर घूमने गया था। दर्शन के बाद तीनों दोस्त नदी में नहाने पहुंचे। इसी दौरान युवक ने रील बनाने के लिए एक खतरनाक कदम उठाया और पुल पर चढ़कर करीब 35 फीट ऊंचाई से नदी में छलांग लगा दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, छलांग लगाने के कुछ ही सेकेंड बाद युवक पानी में डूब गया और फिर बाहर नहीं निकल सका। यह देखकर उसके दोनों दोस्त घबरा गए और तुरंत ग्रामीणों को सूचना दी। सूचना मिलने पर धरमजयगढ़ पुलिस और स्थानीय गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची। अंधेरा होने के कारण मंगलवार शाम को रेस्क्यू अभियान रोकना पड़ा। इसके बाद बुधवार सुबह राज्य आपदा राहत दल की मदद से दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। करीब 22 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद युवक का शव नदी में बरामद कर लिया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि घटना के समय तीनों युवक नशे की हालत में थे, हालांकि पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है। स्थानीय पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हादसे के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)04 जून 2026