राष्ट्रीय
04-Jun-2026
...


आईपीएल के पूर्व चेयरमैन ललित मोदी ने एक इंटरव्यू में भगौड़ा कहने पर दी सफाई नई दिल्ली,(ईएमएस) आईपीएल के पूर्व चेयरमैन ललित मोदी ने कहा कि उनके लिए भगोड़े शब्द का इस्तेमाल मीडिया की तरफ से इस्तेमाल किया गया। उनके खिलाफ आज तक कोई मामला नहीं हुआ है। एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि मैं भाग नहीं रहा हूं। मैं पूरी दुनिया में घूम रहा हूं। अगर मैं भाग रहा होता, तो आप मुझे कहीं न कहीं पकड़ ही लेते। भारत सरकार की पहुंच बहुत लंबी है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक आईपीएल को लेकर मोदी ने कहा कि मैं इसको लेकर हमेशा से पैशनेट रहा। आखिरकार आईपीएल मेरे बच्चे जैसा है। मैं भले ही उससे जुड़ा हूं या नहीं, मुझे फर्क नहीं पड़ता। मेरे पिता अच्छे बिजनेसमैन थे लेकिन आज मेरे परिवार को ललित मोदी की वजह से जाना जाता है। मैं आज भी मैच देखता हूं। मैं कहीं जाता हूं तो लोग मुझे जानते हैं। यह सब कुछ आईपीएल की वजह से हुआ। उन्होंने कहा कि हमारे देश में कभी सुनवाई होती ही नहीं है। न्याय मिलता तो है, लेकिन इसमें बहुत देर लगती है। देर से मिलने वाला न्याय भी एक तरह की सजा ही है। मेरे खिलाफ एक भी मामला दर्ज नहीं हुआ है अगर मैं इतना ही बुरा हूं तो ठीक है, भाई लोगों, जाओ और मुझ पर मुकदमा चलाओ। जब उनसे पूछा गया कि क्या वह अपना नाम औपचारिक रूप से बेदाग साबित करने के लिए भारत लौटने की योजना बना रहे हैं, तो उन्होंने साफ कहा कि नहीं, अब मेरी प्राथमिकताएं बदल गई हैं। मोदी ने कहा कि अब खुद को सही साबित करने की चाहत खत्म हो चुकी है। एक समय था जब मैं सच में वापस आना चाहता था। और मेरे पास वापस आने के कारण भी थे, लेकिन अब वापस आकर क्या करूंगा। अगर आप मुझे गिरफ्तार करना चाहते हैं, तो आपको मुझे कोर्ट ले जाना होगा। 17 साल हो गए, आप मुझे कोर्ट नहीं ले जाए पाए। तो अचानक आज आप मुझे कैसे गिरफ्तार कर सकते हैं? अगर कुछ होता, तो अब तक सामने आ गया होता। सिराज/ईएमएस 04जून26