नई दिल्ली (ईएमएस)। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को मालवीय नगर में आग लगने से हुई मौतों पर गहरा दुख व्यक्त किया और कहा कि शहर में लगातार आग लगने की घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं। केजरीवाल ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि 20 लोगों की जान जाने की खबर दुखद है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में लगातार आग लगने की घटनाएं और बेकसूर लोगों की मौतें बेहद चिंताजनक हैं। आम आदमी पार्टी ने आग बुझाने और बचाव कार्यों में अधिकारियों की ओर से लापरवाही का भी आरोप लगाया। आप की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने एक्स पर कहा कि स्थानीय लोगों ने बताया कि फायर ब्रिगेड 45 मिनट देर से पहुंची। विदेशी नागरिकों को बचाने के लिए स्थानीय लोगों को गद्दे बिछाने पड़े। उन्होंने सवाल किया कि पुलिस स्टेशन के पीछे स्थित फायर ब्रिगेड स्टेशन आग लगने की जगह से सिर्फ़ तीन मिनट की दूरी पर है, फिर 45 मिनट क्यों लगे? अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/04/ जून /2026