राज्य
04-Jun-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने मल्टी लेवल मार्केटिंग और निवेश के नाम पर 66 लाख रुपये की ठगी करने वाले आरोपित अंकुर ज्योति सैकिया को गिरफ्तार कर किया है। केस दर्ज होने के बाद से ही यह फरार चल रहा था। कोर्ट ने गत मार्च में इसे भगौड़ा घोषित किया था। पुलिस ने बताया कि आरोपित ने राजमुद्रा फ्यूचर निधि लिमिटेड के नाम पर लोगों को निवेश के बदले हर महीने भारी मुनाफा देने और नए सदस्य जोड़ने पर आकर्षक कमीशन का लालच दिया था। इसी झांसे में आकर उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और राजस्थान समेत कई राज्यों के लोगों ने निवेश कर दिया। वह व्यक्तिगत संबंध बनाकर लोगों का विश्वास जीतता और फिर उन्हें व उनके रिश्तेदारों को निवेश के लिए प्रेरित करता था। जांच में सामने आया कि पीड़ितों द्वारा जमा की गई रकम कंपनी के खाते में न जाकर सीधे अंकुर ज्योति सैकिया के निजी बैंक खाते में ट्रांसफर हाेती थी। पुलिस ने इसे रोहतक के एक ढाबे से गिरफ्तार किया है। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/04/ जून /2026