क्षेत्रीय
04-Jun-2026
...


- कट्टा निकालते ही मची दहशत गुना (ईएमएस)। शहर में कानून व्यवस्था को खुली चुनौती देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। गुरुवार सुबह शहर के व्यस्त क्षेत्र वंदना कॉन्वेंट के पास आधा दर्जन से अधिक लोगों ने एक युवक को बीच सड़क पर घेरकर लाठी-डंडों और लोहे के पाइपों से बेरहमी से पीटा। हमलावर इतने बेखौफ थे कि एक आरोपी ने युवक को जान से मारने की नीयत से कट्टा तक निकाल लिया। हालांकि उसी दौरान किसी वाहन का हूटर बजने पर आरोपी मौके से भाग निकले। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। जानकारी के अनुसार विंध्याचल कॉलोनी निवासी नरेश चौकसे गुरुवार सुबह करीब 9 बजे मंदिर से दर्शन कर स्कूटर से घर लौट रहे थे। जब वे वंदना कॉन्वेंट के समीप घाटी क्षेत्र में पहुंचे, तभी पहले से घात लगाए बैठे संतोष किरार, उसके बेटे सूरज सहित अन्य लोगों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि हमलावरों ने लाठी मारकर उनकी स्कूटर गिरा दी। स्कूटर गिरते ही नरेश ने खुद को बचाने का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों ने उन्हें घेर लिया और लाठी-डंडों व लोहे के पाइपों से हमला शुरू कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमले के दौरान एक आरोपी ने कट्टा निकाल लिया, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। हालांकि हूटर की आवाज सुनते ही आरोपी वहां से भाग निकले। हैरानी की बात यह रही कि घटनास्थल के आसपास बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे, लेकिन किसी ने बीच-बचाव करने की हिम्मत नहीं दिखाई। पीड़ित नरेश चौकसे का कहना है कि उनका आरोपियों से पुराना विवाद चल रहा है। 25 मई को भी कटरा गांव के पास उन्हें रोककर उनकी कार में तोड़फोड़ की गई थी, जिसकी शिकायत पुलिस में दर्ज कराई गई थी। इसके अलावा उन्होंने एसपी कार्यालय और कलेक्ट्रेट में भी आवेदन देकर सुरक्षा और कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। नरेश के अनुसार बमोरी क्षेत्र में स्थित एक प्लॉट उनकी नामांतरणशुदा संपत्ति है। आरोप है कि कुछ लोग उस जमीन पर कब्जा करना चाहते थे। पूर्व में कलेक्टर को शिकायत करने पर जमीन खाली कराई गई थी, जिसके बाद से आरोपी उनसे रंजिश रखने लगे। घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।- सीताराम नाटानी