जबलपुर (ईएमएस)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जबलपुर रेल मंडल में वृक्षारोपण एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसी क्रम में जबलपुर मंडल के जबलपुर रेलवे स्टेशन के आरक्षण कार्यालय के प्रांगण में स्टेशन निदेशक किशोर देवारे, स्टेशन प्रबंधक ( वाणिज्य ) रविकांत कुमार , स्वास्थ्य निरीक्षक राजेश प्रसाद गुप्ता एवं अन्य वाणिज्य स्टाफ द्वारा पौधरोपण किया गया। इसके साथ ही केंद्रीय रेल चिकित्सालय, जबलपुर परिसर में चिकित्सा निदेशक डॉ. अशोक कुमार एवं मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. शैलेंद्र दीक्षित के नेतृत्व में चिकित्सा विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान चिकित्सालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के लगभग 25 पौधों का रोपण किया गया। अभियान के अंतर्गत केंद्रीय रेल चिकित्सालय जबलपुर के अतिरिक्त विभिन्न रेलवे परिसरों में भी पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। कोचिंग डिपो जबलपुर में वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (कोचिंग) अनुराग पाण्डेय के नेतृत्व में परिसर की खाली पड़ी भूमि पर पौधारोपण कर हरित क्षेत्र विकसित करने की पहल की गई। सुनील साहू / मोनिका / 04 जून 2026/ 06.08