क्षेत्रीय
04-Jun-2026
...


- सरपंच ने तत्काल बंद नहीं होने पर आंदोलन की दी चेतावनी बिलासपुर (ईएमएस)। ग्राम पंचायत घोरामार में अंधाधुंध अवैध खनन उत्खनन और परिवहन से दहशत में है। गांव के सरपंच और ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से अवैध उत्खनन तत्काल रोकने की मांग की है। नहीं रोकने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी है। सरपंच का कहना है कि इस अवैध उत्खनन और परिवहन से ग्रामीणों की जान खतरे में है। तखतपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत घोरामार में अवैध उत्खनन का मामला सामने आया है। अवैध उत्खनन और भारी वाहनों से परिवहन से ग्रामीणों की खतरे में पड़ गई है। ग्राम पंचायत एवं ग्रामीणों के विरोध के बावजूद क्षेत्र में लगातार खनन कार्य जारी है। ग्रामीणों का कहना है कि जिस भूमि को कभी खदान के लिए लीज पर नहीं दिया गया वहां से ठेकेदार बड़े-बड़े पत्थरों को तोडकऱ भारी वाहनों से परिवहन किया जा रहा है। ग्राम पंचायत के सरपंच डॉ. संतोष साहू का कहना है कि उनके कार्यकाल में संबंधित खदान का संचालन शुरू हुआ है। उनके अनुसार जिस खसरा नंबर की भूमि पर उत्खनन किया जा रहा है, वह खदान हेतु लीज पर स्वीकृत नहीं है। इस संबंध में ग्राम पंचायत द्वारा पूर्व में भी शिकायत कर जांच एवं कार्रवाई की मांग की गई थी, लेकिन अब तक खनिज विभाग की ओर से कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि लगातार किए जा रहे उत्खनन से गांव की जमीन में बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। आने वाले समय में यही गड्ढे दुर्घटनाओं का कारण बन सकता हैं। भारी मशीनों से की जा रही खुदाई के कारण आसपास के लोग दहशत में है। किसी अनहोनी घटना की आशंका भी बनी हुई है। ग्रामीणों ने इसे प्राकृतिक संसाधनों के अवैध दोहन का मामला बताते हुए प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। सरपंच डॉ. संतोष साहू एवं ग्रामवासियों ने जिला प्रशासन और खनिज विभाग से अविलंब जांच कर अवैध खनन पर रोक लगाने तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन करने पर भी विचार किया जाएगा। - 04 जून 2026