दतिया (ईएमएस)| कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े एवं पुलिस अधीक्षक मयूर खंडेलवाल की अध्यक्षता में आज गुरूवार को न्यू कलेक्ट्रेट कार्यालय के सभाकक्ष में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने, दुर्घटनाओं में कमी लाने तथा यातायात नियमों के प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में विभिन्न विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में कलेक्टर श्री वानखड़े ने सर्वाेच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप ट्रैक्टरों में जीपीएस सिस्टम लगाए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने भूसे से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर कार्यवाही करने तथा सभी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर रेडियम रिफ्लेक्टर लगाए जाने के निर्देश दिए, जिससे रात्रिकालीन दुर्घटनाओं की संभावना कम हो सके। उन्होंने जिले के चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स पर प्राथमिकता के आधार पर रोड मार्किंग एवं अन्य सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग को दुर्घटना की स्थिति में घायलों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराने के लिए एम्बुलेंस की पर्याप्त व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रमुख जंक्शनों पर रम्बल स्ट्रिप लगाने के निर्देश भी दिए । कलेक्टर श्री वानखड़े ने प्रधानमंत्री राहत योजना एवं राहवीर योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को समय पर सहायता एवं उपचार मिल सके तथा मदद करने वाले नागरिकों को प्रोत्साहन प्राप्त हो। उन्होंने जहां-जहां सर्विस लेन निर्माण प्रस्तावित है वहां की डीपीआर प्राथमिकता से तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही आरटीओ विभाग को बिना लाइसेंस-परमिट संचालित बसों एवं बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों के विरुद्ध सख्त चालानी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री मयूर खंडेलवाल ने कहा कि जिले के सभी थाना प्रभारी राहवीर योजना का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें, जिससे आमजन योजना का लाभ उठा सकें और दुर्घटना पीड़ितों को समय पर सहायता मिल सके। उन्होंने निर्देश दिए कि बिना नंबर प्लेट सड़कों पर संचालित हो रहे वाहनों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जाए तथा ओवरलोड वाहनों को किसी भी स्थिति में नजरअंदाज न किया जाए। पुलिस अधीक्षक श्री खंडेलवाल ने कहा कि आगामी दिनों में सड़क सुरक्षा से संबंधित कार्रवाई की समीक्षा की जाएगी। इसलिए सभी संबंधित अधिकारी अपने-अपने स्तर पर लगातार एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें तथा यातायात नियमों के उल्लंघन पर कड़ी निगरानी रखें। कलेक्टर ने एमपीआरडीसी एवं प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अधिकारियों को वर्षा ऋतु प्रारंभ होने से पूर्व सड़कों पर बने गड्ढों की मरम्मत कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने आरटीओ, एसडीएम, पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि बारिश के दौरान जिन पुलों पर पानी बह रहा हो वहां किसी भी स्थिति में वाहनों की आवाजाही न होने दी जाए तथा आवश्यकतानुसार कर्मचारियों की ड्यूटी लगाकर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। बैठक में लोकपथ एप की जानकारी भी दी गई, जिसके माध्यम से नागरिक सड़क संबंधी शिकायतें दर्ज करा सकते हैं। कलेक्टर ने नगरपालिका अधिकारी को जिले की सभी स्ट्रीट लाइटों का नियमित एवं सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही यातायात प्रभारी को निर्देशित किया कि स्ट्रीट लाइट संबंधी किसी भी समस्या की जानकारी तत्काल नगर पालिका को उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने मां पीताम्बरा मंदिर के सामने स्थित कॉम्प्लेक्स के पास पेवर ब्लॉक लगाने तथा अनामय आश्रम के समीप सड़क किनारे लगने वाले ठेला व्यवसायियों के साथ बैठक कर यातायात व्यवस्था को सुचारू एवं व्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश भी दिए। बैठक में डीएफओ श्री मोहम्मद माज, अपर कलेक्टर श्री महेंद्र सिंह कवचे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सुनील कुमार तथा पुलिस एवं राजस्व के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।