गुना (ईएमएस)। अंधविश्वास और सही समय पर इलाज न मिलने के कारण एक बार फिर एक हंसता-खेलता परिवार तबाह हो गया। गुना जिले के बमोरी क्षेत्र में मजदूरी करने आए एक खेत मजदूर दंपति को बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात सांप ने काट लिया। अस्पताल ले जाने के बजाय झाड़-फूंक के चक्कर में समय गंवाने के कारण पति की मौत हो गई, जबकि पत्नी की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। जानकारी के मुताबिक मूल रूप से आरोन थाना अंतर्गत ग्राम बकान निवासी अशोक सहरिया अपनी पत्नी दुलारी के साथ बमोरी क्षेत्र के सेनबोर्ड के पास ग्राम गुड़े में रहकर मजदूरी कर रहा था। बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात करीब 2 बजे जब पूरा परिवार सो रहा था, तभी एक जहरीले सर्प ने पति-पत्नी दोनों को डस लिया। सांप के काटने के बाद ग्रामीण दोनों को तुरंत अस्पताल ले जाने की बजाय झाड़-फूंक के लिए ग्राम बोरखेड़ा स्थित एक धार्मिक स्थल पर ले गए। वहां सुबह करीब 5 बजे तक झाड़-फूंक का खेल चलता रहा। जब दोनों की तबीयत लगातार बिगड़ती गई और हालत नियंत्रण से बाहर हो गई, तब जाकर उन्हें गुना के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। झाड़-फूंक में की गई देरी दंपति पर भारी पड़ी। अस्पताल पहुँचने से पहले ही बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद पति अशोक सहरिया को मृत घोषित कर दिया। वहीं, पत्नी दुलारी बाई की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है, जिनका इलाज जारी है। - सीताराम नाटानी