राज्य
04-Jun-2026


* ‘मंथ ऑफ सोलर–मई 2026’ अभियान में उत्कृष्ट प्रदर्शन; आवेदन, रूफटॉप सोलर स्थापना, निरीक्षण और वेंडर पंजीकरण सहित चार प्रमुख श्रेणियों में रहा नंबर-1 गांधीनगर (ईएमएस)| प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत 2047’ के विजन को साकार करने में अक्षय ऊर्जा महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। इसी दिशा में आम नागरिकों को सौर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रोत्साहित करने हेतु केंद्र सरकार द्वारा संचालित ‘पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना’ में गुजरात ने एक बार फिर देश के अग्रणी रिन्यूएबल एनर्जी राज्य के रूप में अपनी पहचान मजबूत की है। केंद्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय (एमएनआरई) द्वारा आयोजित ‘मंथ ऑफ सोलर–मई 2026’ अभियान के तहत गुजरात ने कुल 5 राष्ट्रीय पुरस्कार हासिल कर श्रेणी-बी राज्यों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है। नई दिल्ली स्थित अटल अक्षय ऊर्जा भवन में आयोजित भव्य राष्ट्रीय समारोह में केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने गुजरात को ये पुरस्कार प्रदान किए। राज्य सरकार की ओर से जीयूवीएनएल की प्रबंध निदेशक शालिनी अग्रवाल ने पुरस्कार ग्रहण किए। इन श्रेणियों में गुजरात रहा देश में प्रथम गुजरात को उत्कृष्ट कार्यान्वयन और सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए ‘पीएम सूर्य घर एक्सीलेंस अवॉर्ड’ प्रदान किया गया। इसके अलावा राज्य ने निम्न चार प्रमुख श्रेणियों में भी राष्ट्रीय स्तर पर पहला स्थान प्राप्त किया— राष्ट्रीय पोर्टल पर सर्वाधिक उपभोक्ता आवेदन सर्वाधिक रूफटॉप सोलर संयंत्रों का कमीशनिंग डिस्कॉम द्वारा सर्वाधिक निरीक्षण पूर्ण सर्वाधिक वेंडर पंजीकरण मई 2026 में मिले 3.06 लाख से अधिक आवेदन इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए जीयूवीएनएल की प्रबंध निदेशक शालिनी अग्रवाल ने बताया कि 1 से 31 मई 2026 के दौरान आयोजित अभियान में गुजरात को 3.06 लाख से अधिक उपभोक्ता आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 35 हजार से अधिक रूफटॉप सोलर सिस्टम स्थापित किए गए। इसके अलावा राज्य में 42,554 डिस्कॉम निरीक्षण पूरे किए गए तथा 210 नए वेंडरों का पंजीकरण हुआ। इसी उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर गुजरात ने श्रेणी-बी राज्यों की सभी चार प्रदर्शन आधारित श्रेणियों में पहला स्थान हासिल किया। 10.66 लाख आवेदन और 6.81 लाख रूफटॉप सोलर स्थापना अग्रवाल ने बताया कि पीएम सूर्य घर योजना के तहत गुजरात में अब तक राष्ट्रीय पोर्टल पर 10.66 लाख से अधिक उपभोक्ता आवेदन प्राप्त हो चुके हैं, जबकि 6.81 लाख से अधिक रूफटॉप सोलर सिस्टम स्थापित किए जा चुके हैं। जनभागीदारी और नेतृत्व का परिणाम उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व, मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, ऊर्जा मंत्री ऋषिकेश पटेल, राज्य मंत्री कौशिक वेकरिया तथा वरिष्ठ प्रशासनिक नेतृत्व के मार्गदर्शन में गुजरात ने सौर ऊर्जा अपनाने में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान गुजरात के उन जागरूक नागरिकों को समर्पित है जिन्होंने हरित ऊर्जा को अपनाकर पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। सतीश/04 जून