रायपुर (ईएमएस)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर कल 5 जून 2026 को रायपुर नगर निगम क्षेत्र में व्यापक स्तर पर विशेष वृक्षारोपण अभियान आयोजित किया जाएगा। इस संबंध में केन्द्र सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के निर्देशों के पालन में नगर निगम के सभी जोन कमिश्नरों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। नगर निगम के उद्यानिकी एवं पर्यावरण विभाग के अपर आयुक्त विनोद पाण्डेय ने सभी जोन कमिश्नरों को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने क्षेत्र में वृक्षारोपण के लिए उपयुक्त स्थलों का चयन कर जनसहभागिता के साथ कार्यक्रम आयोजित करें। अभियान में जनप्रतिनिधियों, नागरिकों, स्वसहायता समूहों, शैक्षणिक संस्थानों तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है। निर्देशों के अनुसार वृक्षारोपण स्थलों का पूर्व चयन कर गड्ढों की खुदाई एवं अन्य आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी की जाएंगी, ताकि अभियान सुचारु रूप से संचालित हो सके। साथ ही लगाए जाने वाले पौधों के संरक्षण, नियमित देखभाल और संधारण की समुचित व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए गए हैं। सत्यप्रकाश/चंद्राकर/04 जून 2026