क्षेत्रीय
04-Jun-2026
...


अशोकनगर (ईएमएस)। नाबालिग बालिकाओं के धर्म परिवर्तन, बहला-फुसलाकर शोषण, दुष्कर्म एवं जबरन निकाह कराए जाने के प्रकरण में षड्यंत्रकारी आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की गई है। जिले की पिपरई थाना में नाबालिग बालिकाओं के धर्म परिवर्तन एवं दुष्प्रेरण संबंधी रिपोर्ट प्राप्त हुई थी। मामले में पुलिस अधीक्षक द्वारा प्रकरण की गहन विवेचना एवं आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु विशेष जांच दल का गठन किया गया था तथा फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। विवेचना के दौरान प्राप्त साक्ष्यों एवं तकनीकी जानकारी के आधार पर प्रकरण के षड्यंत्रकारी आरोपी बस्सू उर्फ बशीर पिता अब्दुल रशीद, उम्र 55 वर्ष, निवासी लक्ष्मीगंज, बरखेड़ी जहांगीराबाद, भोपाल को भोपाल से गिरफ्तार किया गया है। जांच में आरोपी द्वारा अपने पुत्र को संरक्षण प्रदान कर नाबालिग बालिकाओं के धर्म परिवर्तन, बहला-फुसलाने, दुष्कर्म एवं जबरन निकाह कराने संबंधी गतिविधियों में सहयोग एवं संरक्षण देने के तथ्य सामने आए हैं। गिरफ्तार आरोपी एक आदतन अपराधी है, जिसके विरुद्ध थाना जहांगीराबाद, भोपाल में दो दर्जन से अधिक आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। इनमें मारपीट, अवैध हथियार रखने, हत्या, नकबजनी, चोरी, अवैध वसूली, अवैध शराब विक्रय एवं जुआ संबंधी अपराध शामिल हैं। आरोपी के विरुद्ध दो बार राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) के अंतर्गत निवारक कार्यवाही भी की जा चुकी है। उक्त प्रकरण में एक विधि-विवादित बालक सहित आरोपी अल्तमश कुरैशी, आहद उर्फ आहत शेख एवं जस्सी किन्नर को पूर्व में गिरफ्तार किया गया था। पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा द्वारा बताया गया कि जिले में महिलाओं एवं बालिकाओं के विरुद्ध अपराध, धर्मान्तरण, मानव तस्करी एवं अन्य गंभीर अपराधों के विरुद्ध कठोर एवं त्वरित कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी तथा कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। ओमप्रकाश/ईएमएस/04/06/2026