क्षेत्रीय
04-Jun-2026


रायपुर (ईएमएस)। सुशासन तिहार 2026 के तहत रायपुर नगर निगम क्षेत्र में नौवां जनसमस्या निवारण शिविर 5 जून 2026, शुक्रवार को आयोजित किया जाएगा। यह शिविर रायपुर ग्रामीण एवं रायपुर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत नगर निगम जोन क्रमांक 10 में देवपुरी गुरुद्वारा, कमल विहार (कौशल्या विहार) गेट के पास आयोजित होगा। शिविर में वार्ड क्रमांक 49, 50, 52, 53, 54, 55 एवं 56 के नागरिकों की समस्याओं और मांगों से संबंधित आवेदन प्राप्त किए जाएंगे। आम जनता से प्रातः 11 बजे से अपराह्न 1 बजे तक आवेदन लिए जाएंगे। जनसमस्या निवारण शिविर में रायपुर नगर निगम के अलावा ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, राजस्व विभाग, विद्युत विभाग, खाद्य विभाग, समाज कल्याण, स्वास्थ्य, कृषि, उद्यानिकी, मत्स्य पालन, पशुधन विकास, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, महिला एवं बाल विकास, श्रम विभाग सहित विभिन्न हितग्राहीमूलक योजनाओं से जुड़े विभागों के अधिकारी उपस्थित रहेंगे। नगर निगम प्रशासन के अनुसार संबंधित जोन कमिश्नर को शिविर का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है, जो आयोजन की संपूर्ण व्यवस्था और संचालन के लिए उत्तरदायी होंगे। शिविर स्थल पर पेयजल, छाया, बैठक व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए हैं। सत्यप्रकाश/चंद्राकर/04 जून 2026