क्षेत्रीय
04-Jun-2026
...


जनपद पहुंचे अल्पसंख्यक कांग्रेस के प्रदेश चेयरमैन, संगठन विस्तार पर मंथन फतेहपुर (ईएमएस)। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश चेयरमैन सुहैल अख्तर अंसारी का गुरुवार को फतेहपुर आगमन हुआ। इस दौरान अल्पसंख्यक विभाग की संगठनात्मक संरचना की समीक्षा एवं सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन जिला चेयरमैन अब्दुल हफीज ने किया। बैठक में अल्पसंख्यक कांग्रेस कमेटी के रिक्त पदों पर नियुक्तियों तथा सामाजिक न्याय एवं संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी के संकल्प को आगे बढ़ाने हेतु नए पदाधिकारियों के चयन पर विचार-विमर्श किया गया। कार्यक्रम में शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मोहम्मद आरिफ गुड्डा, शहर चेयरमैन शकील अहमद, शिक्षक प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष सलीम खान, मीडिया जिला अध्यक्ष आमिर उज्जमा खान, शकीला बानो, आरिफ अली, मनरेगा जिला महासचिव शहाब अली, प्रदेश सचिव मोहम्मद आलम, मोइन चौधरी, राजा खान, नफीस खान, रमजान अली सहित बड़ी संख्या में अल्पसंख्यक कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष मिस्बाहुल हक़ ने सामाजिक एवं राजनीतिक प्रस्ताव प्रस्तुत किए। उन्होंने सुझाव दिया कि संगठन एवं विभिन्न प्रकोष्ठों में आबादी की संरचना के अनुरूप युवा, अनुभवी तथा गांधी-नेहरू विचारधारा से प्रेरित कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां दी जाएं। साथ ही अल्पसंख्यक समुदायों को लोकसभा, विधानसभा, जिला पंचायत, नगर पालिका, नगर पंचायत और ब्लॉक प्रमुख जैसे चुनावों में उचित प्रतिनिधित्व दिए जाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने संगठन को मजबूत बनाने के लिए गांधीवादी विचारधारा के विपरीत कार्य करने वाले लोगों की पहचान कर उन्हें संगठन से अलग करने का भी प्रस्ताव रखा। इसके अतिरिक्त पशु क्रूरता निवारण कानून को और प्रभावी बनाने, गौशालाओं के लिए नियामक प्राधिकरण गठित करने तथा धार्मिक अल्पसंख्यकों के खिलाफ होने वाले कथित अन्याय, शोषण, घृणा अपराध और लिंचिंग की घटनाओं पर नियंत्रण हेतु अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम की तर्ज पर विशेष कानून बनाए जाने का प्रस्ताव भी रखा गया। बैठक में उपस्थित सदस्यों ने इन प्रस्तावों का ध्वनिमत से समर्थन किया। प्रदेश चेयरमैन सुहैल अख्तर अंसारी को इन प्रस्तावों को कांग्रेस नेता राहुल गांधी तक पहुंचाने की जिम्मेदारी सौंपी गई। शीबू खान / ईएमएस 04 जून, 2026