रायपुर (ईएमएस)। शहर में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए रायपुर नगर निगम द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में नगर निगम जोन क्रमांक 6 के स्वास्थ्य विभाग ने टिकरापारा स्थित सिद्धार्थ चौक क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए सड़क पर कचरा फैलाने और दुकानों में डस्टबिन नहीं रखने वाले दुकानदारों पर कुल 5,700 रुपये का जुर्माना लगाया। यह कार्रवाई नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर जोन 6 के जोन कमिश्नर हितेन्द्र यादव के मार्गदर्शन में की गई। अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने क्षेत्र का निरीक्षण किया और स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की। निरीक्षण के दौरान कई दुकानों के सामने सड़क पर कचरा फैला हुआ पाया गया, वहीं कुछ दुकानों में डस्टबिन की व्यवस्था नहीं थी। इसके चलते संबंधित दुकान संचालकों पर जुर्माना लगाया गया तथा भविष्य में स्वच्छता नियमों का पालन करने की कड़ी चेतावनी दी गई। सत्यप्रकाश/चंद्राकर/04 जून 2026