क्षेत्रीय
04-Jun-2026


ग्वालियर ( ईएमएस ) गुरुवार की सुबह शिवपुरी लिंक रोड स्थित नवीन लोहा मंडी के पास पुलिस आरक्षक अंकित तोमर (36 वर्ष) का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। तोमर के शरीर पर गंभीर चोट के निशान हैं। वह वर्दी में था और वर्तमान में डीआरपी पुलिस लाइन में पदस्थ था। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए और जांच शुरू कर दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआती जांच में हत्या की आशंका भी जताई जा रही है। पुलिस आसपास के क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है और सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। मूल रूप से मुरैना जिले के अम्बाह-पोरसा के रहने वाले अंकित तोमर वर्तमान में ग्वालियर के सिकंदर कंपू इलाके में रह रहे थे। परिजनों के मुताबिक दो दिन पहले अंकित को किसी विभागीय डाक (सरकारी दस्तावेज) को देने के लिए अपने गृहग्राम पोरसा जाना था। अंकित के भांजे अवध सिंह ने उन्हें पोरसा जाने वाली बस में बैठाने के लिए बस स्टैंड पर छोड़ा था, लेकिन बस में बैठने के बाद से ही अंकित का मोबाइल फोन लगातार बंद आ रहा था और वे अपने गांव भी नहीं पहुंचे। चिंतित परिजन उनकी तलाश कर रहे थे। गुरुवार सुबह राहगीरों ने नवीन लोहा मंडी के पास सुनसान जगह पर वर्दी पहने एक पुलिसकर्मी का शव पड़ा देखा, जिसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सीएसपी और थाना प्रभारी भारी बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने हालात को नियंत्रण में लेकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। फोरेंसिक एक्सपर्ट को भी मौके पर बुला लिया गया है। पुलिस ने आरक्षक का शव पीएम के लिए भेज मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है |