क्षेत्रीय
04-Jun-2026


भिंड ( ईएमएस ) रौन थाना क्षेत्र में धुसका सरकार हनुमान मंदिर में आयोजित भंडारे में शामिल होने पहुंचे श्रद्धालुओं से भरे एक लोडिंग वाहन की चपेट में आने से गर्दन में लकड़ी घुसने से एक महिला की मौत हो गई। घटना में पांच वर्षीय एक बालक घायल हो गया। हादसा मंदिर के प्रवेश द्वार के पास उस समय हुआ, जब श्रद्धालु वाहन से उतर रहे थे। जानकारी के अनुसार, इंदुर्खी निवासी शांति देवी द्वारा धुसका सरकार हनुमान मंदिर पर भंडारे का आयोजन किया गया था। इसमें शामिल होने के लिए इंदुर्खी गांव के करीब 20 से 25 श्रद्धालु एक लोडिंग वाहन में सवार होकर मंदिर पहुंचे थे। वाहन जैसे ही मानगढ़ स्थित मंदिर के प्रवेश द्वार के पास पहुंचा, लोग उतरने लगे। इसी दौरान चालक ने वाहन को चढ़ाई पर खड़ा कर दिया। ढलान से पीछे की तरफ खिसका लोडिंग वहान प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वाहन खड़ा करने के कुछ देर बाद वह ढलान से अचानक पीछे की ओर खिसकने लगा। इस दौरान 36 वर्षीय सरोज बाथम पत्नी मनोज बाथम निवासी इंदुर्खी वाहन के डाले (फाटक) में उलझ गईं। पीछे सरकते हुए वाहन के रास्ते में पड़ी लकड़ी उनकी गर्दन में घुस गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। वहीं पांच वर्षीय कार्तिक पुत्र राजकुमार बाथम वाहन की चपेट में आकर घायल हो गया। हादसे के बाद परिजन और ग्रामीण दोनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद सरोज बाथम को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल बालक का उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।