क्षेत्रीय
05-Jun-2026
...


फतेहपुर (ईएमएस)। जनपद में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा आपातकालीन पुलिस सहायता को प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत यूपी-112 सेवा को छह नए चार पहिया स्कॉर्पियो वाहन प्राप्त हुए। इन वाहनों को पुलिस अधीक्षक फतेहपुर अभिमन्यु मांगलिक ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर प्रगति यादव, प्रभारी यूपी-112 राम केवल पटेल सहित यूपी-112 से जुड़े अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। पुलिस अधीक्षक द्वारा रवाना किए गए इन नए वाहनों को थाना कोतवाली, मलवां, हुसैनगंज, खागा, चांदपुर एवं जाफरगंज थाना क्षेत्रों में तैनात किया जाएगा। इनका उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करना तथा रिस्पॉन्स टाइम को और कम करना है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि नए वाहनों के संचालन से यूपी-112 की कार्यक्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी और आमजन को समयबद्ध, त्वरित एवं प्रभावी पुलिस सहायता उपलब्ध कराई जा सकेगी। यह पहल अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा नागरिकों में सुरक्षा की भावना को और अधिक मजबूत करने में सहायक सिद्ध होगी। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों को वाहनों के बेहतर रखरखाव, सुरक्षित संचालन एवं प्रभावी उपयोग के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए, ताकि आपातकालीन सेवाओं का लाभ आमजन तक अधिक कुशलता से पहुंचाया जा सके। शीबू खान/ ईएमएस 05 जून, 2026