क्षेत्रीय
05-Jun-2026
...


- ऊपरी मंजिलों में रहने वाले 20 लोग फंसे, रेस्क्यू टीम ने तत्परता दिखाई, कोई जनहानि नहीं इन्दौर (ईएमएस) शहर के लसूड़िया क्षेत्र में आज सुबह उस समय अफरातफरी और हड़कंप मच गया जब एक इलेक्ट्रिक वाहनों के शोरूम में अचानक आग लग गई। यह वाहनों का शो रूम जिस कमर्शियल इमारत में स्थित था उसकी ऊपरी मंजिलों में रहवासी फ्लेट बने हुए हैं और देखते ही देखते आग तथा धुआं वहां तक भी पहुंच गए। जिसके चलते वहां रहने वाले छह परिवारों के करीब 20 लोग अंदर फंस गए। सूचना पर तत्काल पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने आग बुझाने के साथ तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल आग पर भी काबू पा लिया। लसूड़िया थाना पुलिस के अनुसार आगजनी की यह घटना खालसा चौक के पास स्थित इलेक्ट्रिक वाहनों के शोरूम में सुबह सात बजे की है। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरा शोरूम धुएं से भर गया और आग की लपटें ऊपर की मंजिलों तक पहुंचने लगी जिसके कारण फ्लैट्स में रहने वाले बाहर नहीं निकल पाए. बिल्डिंग में अफरा-तफरी के साथ मदद के लिए चीख पुकार मच गई स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी, जिसके बाद टीम ने मौके पर पहुंच स्थिति को संभाला। और बिल्डिंग में रहने वाले करीब 6 परिवारों के 20 लोग जो अंदर फंसे हुए थे सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, किसी के हताहत न होने से प्रशासन ने राहत की सांस ली। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है. हालांकि सही कारण जानने के लिए विस्तृत जांच भी की जा रही है। आनंद पुरोहित/ 05 जून 2026