क्षेत्रीय
05-Jun-2026
...


सक्ती(ईएमएस)। जिले के कर्रापाली गांव में घरेलू विवाद के बीच रिश्तेदारों पर कथित फायरिंग का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी और उसके एक साथी को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से अवैध हथियार बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, जांजगीर-चांपा जिले के बालपुर गांव निवासी अजय सिंह गोड़ ने सक्ती थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में बताया गया कि वह 4 मई को अपने चाचा ससुर के बुलावे पर कर्रापाली गांव पहुंचा था। वहां उसे जानकारी मिली कि उसकी रिश्तेदार तीजबाई को उसका पति दिलेश्वर सिदार आए दिन प्रताड़ित करता है और उसके साथ मारपीट करता है। बताया गया कि इस मामले में समझाइश देने के लिए अजय सिंह गोड़ अपने अन्य रिश्तेदारों के साथ दिलेश्वर सिदार के घर पहुंचा। बातचीत के दौरान आरोपी कथित तौर पर नाराज होकर वहां से चला गया। शिकायत के अनुसार, शाम करीब साढ़े पांच बजे जब अजय और उसके साथ आए लोग वापस अपने गांव लौट रहे थे, तभी कर्रापाली गांव के बाहर तालाब के पास दिलेश्वर सिदार और उसका साथी सोमदेव सिदार रास्ता रोककर खड़े मिले। आरोप है कि दोनों ने पहले गाली-गलौज की और इसके बाद जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। घटना के दौरान मौजूद लोगों ने झुककर अपनी जान बचाई, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपी का साथी हाथ में हथियार लेकर धमकी दे रहा था। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक प्रफ्फुल कुमार ठाकुर के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल और एसडीओपी डॉ. भुनेश्वरी पैकरा के मार्गदर्शन में पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की और घेराबंदी कर दोनों को हिरासत में ले लिया। पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। तलाशी के दौरान मुख्य आरोपी दिलेश्वर सिदार के कब्जे से एक देशी रिवाल्वर तथा घटनास्थल से एक खाली कारतूस बरामद किया गया। वहीं दूसरे आरोपी सोमदेव सिदार के पास से एक देशी कट्टा जब्त किया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की आगे भी जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह मामला घरेलू विवाद और पारिवारिक हस्तक्षेप के बाद उत्पन्न तनाव से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। अवैध हथियारों के स्रोत और अन्य संभावित पहलुओं की भी जांच की जा रही है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)05 जून 2026