इन्दौर (ईएमएस) वार्ड क्रमांक 20 की पार्षद यशस्वी अमित पटेल, पूर्व सेवादल अध्यक्ष चंद्रशेखर पटेल एवं यूथ कांग्रेस शहर अध्यक्ष अमित पटेल के नेतृत्व में स्थानीय गौरीनगर में क्षेत्रवासियों को जागरूक कर वाटर हार्वेस्टिंग एवं वाटर रिचार्जिंग की मुहिम लगातार चलाई जा रही है। जिसके तहत अब तक वार्ड की 8 से 10 गलियों में लगभग 150 से अधिक वाटर रिचार्जिंग संरचनाएं स्थापित की जा चुकी हैं। भीषण गर्मी के दौरान जब क्षेत्रवासी बोरिंग में पानी की समस्या लेकर आए, तब पार्षद यशस्वी अमित पटेल, पूर्व सेवादल अध्यक्ष चंद्रशेखर पटेल एवं यूथ कांग्रेस शहर अध्यक्ष अमित पटेल द्वारा उन्हें समझाया गया कि केवल नई बोरिंग करवाने से समस्या का स्थायी समाधान संभव नहीं है। भूजल स्तर को बढ़ाने और भविष्य में जल संकट से बचने के लिए प्रत्येक नागरिक को वाटर रिचार्जिंग एवं वर्षा जल संचयन में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी होगी। जिसके बाद क्षेत्रवासियों ने इस पहल को सहर्ष स्वीकार किया और बड़े उत्साह के साथ क्षेत्र में वाटर रिचार्जिंग का कार्य प्रारंभ किया। एक वाटर रिचार्जिंग संरचना पर लगभग पांच से छः हजार तक का खर्च आता है, जिसे अधिकांश नागरिक स्वयं वहन कर रहे हैं। वहीं पार्षद यशस्वी अमित पटेल, पूर्व सेवादल अध्यक्ष चंद्रशेखर पटेल एवं यूथ कांग्रेस शहर अध्यक्ष अमित पटेल द्वारा भी आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान किया जा रहा है। जनसहयोग और जनभागीदारी से संचालित यह अभियान आज वार्ड क्रमांक 20 में युद्ध स्तर पर चल रहा है और जल संरक्षण की दिशा में एक प्रेरणादायक उदाहरण बन चुका है। इस मुहिम का लक्ष्य वार्ड क्रमांक 20 को 100 प्रतिशत वाटर रिचार्जिंग युक्त वार्ड बनाना है, ताकि पूरे इंदौर शहर में जल संरक्षण का एक आदर्श मॉडल प्रस्तुत किया जा सके। यह पहल न केवल भूजल स्तर बढ़ाने में सहायक होगी, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए जल संरक्षण का मजबूत आधार भी तैयार करेगी। इस अवसर पर पार्षद यशस्वी अमित पटेल ने कहा कि “पानी की समस्या का स्थायी समाधान केवल नए जल स्रोत बनाना नहीं, बल्कि वर्षा जल को धरती में वापस पहुंचाना है। यदि हर नागरिक वाटर रिचार्जिंग को अपनाए तो आने वाले वर्षों में जल संकट को काफी हद तक कम किया जा सकता है।” पूर्व सेवादल अध्यक्ष चंद्रशेखर पटेल एवं यूथ कांग्रेस शहर अध्यक्ष अमित पटेल ने भी क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में इस अभियान से जुड़ने और जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया। जल है तो कल है के संकल्प के साथ वार्ड क्रमांक 20 के नागरिक, पार्षद यशस्वी अमित पटेल, पूर्व सेवादल अध्यक्ष चंद्रशेखर पटेल एवं यूथ कांग्रेस शहर अध्यक्ष अमित पटेल मिलकर जल संरक्षण की इस महत्वपूर्ण मुहिम को आगे बढ़ा रहे हैं। आनंद पुरोहित/ 05 जून 2026