- सिटी सप्लाई, ट्यूबवेल एवं टैंकरों के माध्यम से नागरिकों को उपलब्ध कराया जा रहा पर्याप्त पेयजल - ग्रीष्म ऋतु में जल संकट की स्थिति निर्मित न हो, इसके लिए सतत मॉनिटरिंग एवं त्वरित कार्यवाही जल संरक्षण एवं जल स्रोतों के संवर्धन की दिशा में भी किए जा रहे सार्थक प्रयास कटनी (ईएमएस)। ग्रीष्म ऋतु के दौरान बढ़ती गर्मी एवं पेयजल की मांग को दृष्टिगत रखते हुए नगर पालिक निगम कटनी द्वारा नगर वासियों को सुचारू, नियमित एवं व्यवस्थित पेयजल उपलब्ध कराने के लिए व्यापक स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। निगम प्रशासन द्वारा सिटी सप्लाई व्यवस्था, ट्यूबवेल संचालन तथा आवश्यकता वाले क्षेत्रों में टैंकरों के माध्यम से जलापूर्ति सुनिश्चित की जा रही है, जिससे नागरिकों को पेयजल संबंधी किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। निगम प्रशासन द्वारा जल प्रदाय व्यवस्था की निरंतर निगरानी की जा रही है तथा ग्रीष्म ऋतु के दौरान जलापूर्ति से संबंधित प्राप्त शिकायतों पर तत्परता से कार्यवाही करने तथा संबंधित क्षेत्र में टैंकर के माध्यम से पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए लगभग 26 टैंकरों का उपयोग किया जा रहा है। तकनीकी समस्याओं का त्वरित निराकरण जलप्रदाय शाखा के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नियमित रूप से फील्ड निरीक्षण कर व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही खराब मोटर, पाइपलाइन लीकेज अथवा अन्य तकनीकी समस्याओं के निराकरण हेतु त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित की जा रही है। जल संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में भी सार्थक प्रयास नगर निगम द्वारा जलापूर्ति व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के साथ-साथ जल संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में भी सार्थक प्रयास किए जा रहे हैं। नगर के विभिन्न जल स्रोतों नदी तालाब, सार्वजनिक कुओं की सफाई सहित नागरिकों को जल का विवेकपूर्ण उपयोग करने, अनावश्यक जल व्यय से बचने तथा वर्षा जल संचयन हेतु वाटर हार्वेस्टिंग जैसी गतिविधियों को अपनाने के लिए विभिन्न माध्यमों से जागरूक किया जा रहा है। निगम प्रशासन का उद्देश्य है कि ग्रीष्म ऋतु के दौरान नगर के प्रत्येक क्षेत्र में पर्याप्त एवं नियमित पेयजल उपलब्ध हो तथा नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं प्रदान की जा सकें। इसी उद्देश्य के साथ नगर निगम कटनी द्वारा जलापूर्ति व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं जनहितैषी बनाने के लिए सतत प्रयास किए जा रहे हैं। ईएमएस/मोहने/ 05 जून 2026