क्षेत्रीय
05-Jun-2026
...


- विश्व पर्यावरण दिवस पर इंदौर प्रेस क्लब में पौधारोपण; पत्रकारों ने लिया प्लास्टिक मुक्त समाज बनाने का संकल्प इंदौर (ईएमएस)। पौधारोपण करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि लगाए गए पौधों को वृक्ष बनने तक सहेजना और उनका संरक्षण करना सबसे महत्वपूर्ण है। यह विचार प्रसिद्ध पर्यावरणविद डॉ. स्वप्निल व्यास ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर व्यक्त किए। वे इंदौर प्रेस क्लब परिसर में आयोजित एक विशेष पौधारोपण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बोल रहे थे। ग्लोबल वार्मिंग और पर्यावरण संकट पर चिंता जताते हुए डॉ. व्यास ने कहा कि आज के समय में पर्यावरण का सबसे बड़ा दुश्मन पॉलीथीन है। इसके घातक दुष्परिणाम आज पूरे विश्व को भुगतना पड़ रहे हैं। उन्होंने समाज से अपील की कि यदि हमें वनों, नदियों, पहाड़ों और जलस्रोतों का संवर्धन और संरक्षण करना है, तो सबसे पहले समाज को पॉलीथीन मुक्त बनाना होगा। :: परिसर में रोपे गए औषधीय और छायादार पौधे :: इस अवसर पर इंदौर प्रेस क्लब परिसर में वृहद स्तर पर पौधारोपण किया गया। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण को शुद्ध रखने और औषधीय गुणों से भरपूर विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए, जिनमें नीम, सीता अशोक, पारिजात, सिंदूर, कनेर और क्रीविया शामिल हैं। :: पत्रकारों ने लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प :: प्रेस क्लब अध्यक्ष दीपक कर्दम ने इस मौके पर उपस्थित सभी पत्रकारों और मीडियाकर्मियों को पर्यावरण को बचाने तथा दैनिक जीवन में पॉलीथीन व प्लास्टिक का इस्तेमाल पूरी तरह बंद करने का संकल्प दिलवाया। इस गरिमामय कार्यक्रम में प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष अरविंद तिवारी, महासचिव प्रदीप जोशी, उपाध्यक्ष संजय त्रिपाठी, कोषाध्यक्ष मुकेश तिवारी समेत कार्यकारिणी सदस्य प्रमोद दीक्षित, अभय तिवारी, श्याम कामले, विजय भट्ट और वरिष्ठ पत्रकार राजेंद्र कोपरगांवकर, विपिन नीमा, राजकुमार वर्मा सहित बड़ी संख्या में मीडिया जगत के गणमान्य लोग उपस्थित थे। प्रकाश/05 जून 2026