कलेक्टर ने अखेबर धाम में रोपे फल व छायादार पौधे, पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता का दिया संदेश अशोकनगर (ईएमएस)।विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिले में विभिन्न स्थानों पर पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किये गये। जनप्रतिनिधियों व अधिकारी, कर्मचारियों पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। जिला स्तरीय कार्यक्रम अखेबर धाम में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में कलेक्टर साकेत मालवीय ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर श्री मालवीय ने स्वच्छता को जन-आंदोलन बनाने पर जोर देते हुए स्वच्छ वातावरण और स्वस्थ जीवन के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता एक-दूसरे के पूरक हैं तथा प्रत्येक नागरिक को इन दोनों के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। इस दौरान पूर्व विधायक जजपाल सिंह जज्जी भी उपस्थित रहे उन्होने कहा कि हम सभी यह प्रतीज्ञा करें कि वर्षा के जल को अधिक से अधिक संचयन करें। साथ ही एक पेड़ मां के नाम अभियान के अंतर्गत अधिक से अधिक पौधरोपण कर स्वच्छ वातावरण का निर्माण करें। इस दौरान उपस्थिति सभी लोगो द्वारा श्रमदान कर परिसर एवं आसपास के क्षेत्र की साफ-सफाई की। कलेक्टर ने सभी को नियमित रूप से श्रमदान कर स्वच्छ और सुंदर वातावरण के निर्माण में सहयोग देने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं ग्रामीणों से अधिक से अधिक वृक्षारोपण कर प्रकृति के संरक्षण में योगदान देने की अपील की। दीदी ने लगाए5-5 पेड़: मध्य प्रदेश डेराज्य ग्रामीण आजीविका मिशन अंतर्गत समस्त पंचायतों में स्व-सहायता समूह की दीदियों द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं एक पेड़ मां के नाम हेतु जनजागरूकता अभियान में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम के दौरान समूह सदस्यों द्वारा वृक्षारोपण किया गया तथा पर्यावरण संरक्षण के महत्व को जन-जन तक पहुंचाने के लिए जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के दौरान प्रतिभागियों द्वारा पर्यावरण संरक्षण संबंधी नारे लगाए गए एवं लोगों को अधिक से अधिक पौधे लगाने, जल संरक्षण करने तथा स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर सभी उपस्थित सदस्यों ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ भी ग्रहण की तथा अपने जीवन में पर्यावरण अनुकूल व्यवहार अपनाने का संकल्प लिया। जिला न्यायालय परिसर, में हुआ वृक्षारोपण: जिला न्यायालय परिसर, में पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन के उद्देश्य से वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में जिला न्यायाधीश संजीव सिंघल, जिला न्यायाधीश सुनील कुमार, जेएमएफसी प्रिया, जेएमएफसी शुभम द्विवेदी तथा जिला विधिक सहायता अधिकारी हेमंत कुशवाहा विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी न्यायिक अधिकारियों द्वारा न्यायालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया तथा पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लिया गया। इस अवसर पर न्यायालय परिसर में स्थित जल संचयन हेतु निर्मित जलाशय की भी साफ-सफाई की गई। अधिकारियों ने बताया कि जलाशयों का संरक्षण एवं नियमित रखरखाव न केवल वर्षा जल के संचयन में सहायक होता है, बल्कि इससे भू-जल स्तर में वृद्धि, पर्यावरणीय संतुलन की स्थापना तथा जीव-जंतुओं को पेयजल उपलब्ध कराने में भी महत्वपूर्ण योगदान मिलता है। जलाशय की सफाई के माध्यम से जल संरक्षण एवं प्राकृतिक संसाधनों के सतत उपयोग के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। ईएमएस/ओमप्रकाश रघुवंशी/ 05 जून 2026