फिरोजाबाद(ईएमएस) जनपद के थाना उत्तर क्षेत्र में बुधवार रात हुए विवाद में छह माह के बालक की गैर इरादतन हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी मौसी वंदना को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने वंदना के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। मामला कृष्णा नगर मोहल्ले का है। जानकारी के मुताबिक संजना अपने पति कन्हैया के साथ मायके में रह रही थी। बुधवार रात संजना का अपनी बहन वंदना से विवाद हो गया। आरोप है कि इसी विवाद के दौरान वंदना ने संजना के छह माह के बेटे को जमीन पर पटक दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। हालांकि पुलिस का कहना था कि झगड़े के दौरान वंदना मासूम पर गिर पड़ी थी जिससे उसकी मौत हुयी थी। घटना के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में चलाए जा रहे वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी अभियान के तहत थाना उत्तर पुलिस ने आरोपी वंदना को कंजर मोहल्ला कृष्णा नगर की गली से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी वंदना को न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया है साथ ही आगे की विधिक कार्यवाही शुरू कर दी है। ए. शर्मा/ईएमएस फिरोजाबाद