क्षेत्रीय
05-Jun-2026
...


बालाघाट (ईएमएस). विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मध्य प्रदेश शासन द्वारा पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण एवं उत्कृष्ट पर्यावरण प्रबंधन के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले शैक्षणिक संस्थानों, औद्योगिक इकाइयों, खनन परियोजनाओं, नगरीय निकायों, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं अन्य संस्थानों को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा 5 जून को भोपाल में आयोजित कार्यक्रम में सम्मानित किया गया। इस वर्ष बालाघाट जिले के लिए अत्यंत गौरवपूर्ण उपलब्धि रही कि प्रदेश स्तर पर विभिन्न श्रेणियों में प्रदान किए गए 11 प्रमुख पुरस्कारों में से 3 प्रथम पुरस्कार बालाघाट जिले की संस्थाओं को प्राप्त हुए हैं। यह कार्यक्रम भोपाल स्थित कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में आयोजित किया गया। खनन क्षेत्र में बालाघाट जिले की रमरमा खदान, जिसका संचालन एपी त्रिवेदी एंड संस द्वारा किया जाता है, को भी पर्यावरणीय प्रबंधन और सतत खनन गतिविधियों के लिए प्रदेश की सर्वश्रेष्ठ खदान के रूप में प्रथम पुरस्कार डायरेक्टर निश्चल त्रिवेदी और हर्ष त्रिवेदी को प्राप्त हुआ है। वहीं लघु उद्योग श्रेणी में बालाघाट जिले की केशर एग्रोटेक के संचालक रवि वैद्य एवं महेंद्र बिसेन को उत्कृष्ट पर्यावरण प्रबंधन एवं पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्यों के लिए प्रदेश स्तर पर प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया। वहीं वारासिवनी विकासखंड अंतर्गत ग्राम खापा स्थित विसाग बायोफ्यूल्स प्राइवेट लिमिटेड को प्रदेश की लगभग 3,000 से अधिक बड़ी औद्योगिक इकाइयों के बीच अति प्रदूषणकारी उद्योग श्रेणी में संचालित इस ग्रेन आधारित इथेनॉल संयंत्र को उत्कृष्ट पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण तथा सर्वोत्तम पर्यावरण प्रबंधन के लिए प्रदेश का प्रथम पुरस्कार प्रदान किया गया। ये सभी सम्मान मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव एवं पर्यावरण राज्य मंत्री दिलीप अहीरवार द्वारा भोपाल स्थित कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में प्रदान किए गए। जिले के नागरिकों, उद्योग जगत एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे बालाघाट के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया है। पर्यावरण संरक्षण और औद्योगिक विकास के संतुलित मॉडल के रूप में बालाघाट की यह सफलता प्रदेश के अन्य जिलों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी। भानेश साकुरे / 05 जून 2026