बालाघाट (ईएमएस). विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 5 जून को केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की 123वीं वाहिनी मुख्यालय, भरवेली में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ वाहिनी के कमाण्डेंट हज़ारी लाल द्वारा कैंप परिसर में पौधारोपण कर किया गया। इसके बाद वाहिनी परिसर के विभिन्न खंडों, संतरी पोस्टों, बैरकों एवं आवासीय क्षेत्रों में योजनाबद्ध तरीके से फलदार, छायादार तथा पर्यावरण-अनुकूल पौधों का रोपण किया गया। इस अवसर पर वाहिनी के सभी राजपत्रित अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी, जवान एवं उनके परिवारजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाई। कार्यक्रम में जनभागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अधिकारियों एवं जवानों के परिवारों को भी शामिल किया गया। उपस्थित अधिकारियों, जवानों एवं उनके परिजनों को संबोधित करते हुए कमाण्डेंट हज़ारी लाल ने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण और पर्यावरण का संवर्धन प्रत्येक नागरिक, लोक सेवक एवं अनुशासित सैनिक का संवैधानिक तथा सामाजिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि केवल पौधारोपण करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि लगाए गए पौधों की देखभाल कर उन्हें पूर्ण विकसित वृक्ष बनाना भी सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को समय की आवश्यकता बताते हुए सभी से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण एवं हरित आवरण बढ़ाने के प्रति जागरूकता का संदेश भी दिया गया। वृक्षारोपण अभियान के माध्यम से सीआरपीएफ की 123 वीं वाहिनी ने आंतरिक सुरक्षा के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण एवं पारिस्थितिकी संतुलन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को भी प्रभावी रूप से प्रदर्शित किया। भानेश साकुरे / 05 जून 2026