मंडला (ईएमएस)। विश्व पर्यावरण दिवस के पावन अवसर पर नगर पालिका मण्डला द्वारा स्थानीय इंटेक हाउस परिसर में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष श्री विनोद कछवाहा, कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे, सीईओ जिला पंचायत श्री शाश्वत सिंह मीना एवं सहायक कलेक्टर श्री शेलेंद्र चौधरी ने विशेष रूप से सहभागिता करते हुए पौधरोपण किया। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों, पार्षदों, नपा के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा परिसर में आम, नीबू, आंवला और अशोक आदि प्रजातियों के फलदार एवं छायादार पौधे रोपे गए। कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे ने पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए कहा केवल वृक्षारोपण करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि रोपे गए पौधों की नियमित देखभाल और सुरक्षा सुनिश्चित करना हम सभी की जिम्मेदारी है, ताकि वे जीवित रहकर वृक्ष का रूप ले सकें। घाटों का निरीक्षण और स्वच्छता के निर्देश कलेक्टर श्री धोटे ने इंटेक हाउस परिसर में स्थानीय घाट का औचक निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने घाटों की व्यवस्थाओं को देखा और संबंधित अधिकारियों को घाटों पर नियमित रूप से स्वच्छता अभियान चलाया जाए। घाटों पर पर्याप्त संख्या में डस्टबिन रखवाए जाएं। कलेक्टर श्री धोटे ने कहा कि स्थानीय नागरिकों और घाट पर आने वाले श्रद्धालुओं को घाटों की स्वच्छता बनाए रखने तथा डस्टबिन का उपयोग करने के लिए समझाइश दी जाए। इस दौरान मुख्य नगरपालिका अधिकारी श्री गजानन नाफड़े, पार्षदगण सहित नगर पालिका के अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित थे। ईएमएस/मोहने/ 06 जून 2026