क्षेत्रीय
05-Jun-2026


रायसेन। विश्व पर्यावरण दिवस एवं नशा मुक्ति दिवस के अवसर पर शुक्रवार को शासकीय माता शबरी कन्या शिक्षा परिसर बायपास रायसेन में संचालित 45 दिवसीय शौर्य संकल्प प्रशिक्षण योजना-2026 के अंतर्गत विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे युवक-युवतियों और खिलाड़ियों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा नशा मुक्ति की शपथ लेकर समाज को जागरूक बनाने का संकल्प लिया। पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग द्वारा आयोजित इस प्रशिक्षण योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के युवाओं को सेना, पुलिस, होमगार्ड, सुरक्षा बलों एवं निजी सुरक्षा एजेंसियों में भर्ती के लिए तैयार करना है। योजना के तहत वर्तमान में 88 बालक एवं 49 बालिकाओं को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर परिसर में 15 पौधों का रोपण किया गया। इस दौरान प्रशिक्षणार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के महत्व, पौध रोपण की आवश्यकता तथा प्रकृति के प्रति जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं प्रशिक्षकों ने युवाओं से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में उपसंचालक युवा कल्याण एवं खेल विभाग श्रीमती मोनिका चौधरी ने प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए प्रकृति संरक्षण और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पर्यावरण की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है और युवा पीढ़ी इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। इसी अवसर पर नशा मुक्ति दिवस भी मनाया गया। प्रशिक्षणार्थियों एवं उपस्थित अधिकारियों ने नशे से दूर रहने और समाज को नशा मुक्त बनाने की शपथ ली। कार्यक्रम में प्रशिक्षक श्री नवीन गुप्ता द्वारा नशे के दुष्परिणामों एवं स्वस्थ जीवन शैली के महत्व पर जानकारी दी गई। समापन अवसर पर विभागीय अधिकारियों द्वारा प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम में सहायक संचालक श्रीमती संगीता जायसवाल, शासकीय माता शबरी कन्या शिक्षा परिसर के प्राचार्य सुधीर जैन, अधीक्षिका श्रीमती लक्ष्मी परिहार, चन्द्रशेखर यादव तथा नितिन नागदेव सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षणार्थियों में पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। पौधरोपण अभियान और नशा मुक्ति शपथ के माध्यम से युवाओं ने समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया। किशोर वर्मा ईएमएस रायसेन 05/06/2026