क्षेत्रीय
05-Jun-2026


- बुलडोजर चलाकर हटाया गया अतिक्रमण। शाजापुर (ईएमएस)। कस्बा वासियों को रोज-रोज के ट्रैफिक जाम से निजात दिलाने के लिए प्रशासन ने अब सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। यही कारण रहा कि राजस्व और पुलिस महकमे की संयुक्त टीम ने आगर-सारंगपुर और नलखेड़ा मार्ग पर बड़ी कार्रवाई करते हुए वर्षों से जमे अवैध कब्जों को उखाड़ फेंका। तीन जेसीबी मशीनों की गड़गड़ाहट के बीच जब अतिक्रमण ढहाया गया, तो कई सालों बाद एक बार फिर कस्बे की मुख्य सड़कें खुली और चौड़ी नजर आईं। नोटिस को किया था नजरअंदाज, 3 जेसीबी से हुई ताबड़तोड़ कार्रवाई प्रशासन की यह कार्रवाई अचानक नहीं हुई है। तहसीलदार दिव्या जैन ने अप्रैल माह में ही सभी अतिक्रमणकारी दुकानदारों को नोटिस जारी कर स्वेच्छा से कब्जा हटाने के निर्देश दिए थे। जब दुकानदारों ने इस चेतावनी को हल्के में लिया और अतिक्रमण नहीं हटाया, तो प्रशासन ने ताबड़तोड़ कार्रवाई की। इस दौरान 3 जेसीबी मशीनों की मदद से सड़क के मध्य से दोनों ओर 25-25 फीट तक का क्षेत्र साफ कराया गया। इस दायरे में आ रही 50 से अधिक दुकानों का अतिक्रमण हटाया गया है। सिंहस्थ के 10 साल बाद फिर हुई ऐसी बड़ी कार्रवाई गौरतलब है कि करीब दस वर्ष पूर्व सिंहस्थ के समय यहां से इसी तरह अतिक्रमण हटाया गया था, लेकिन समय बीतने के साथ दुकानदारों ने फिर से सड़क के बाहर तक अपना सामान और टिन शेड लगाकर कब्जा कर लिया था। सड़क संकरी होने से आए दिन जाम की स्थिति बन रही थी, जिससे राहगीरों और ग्रामीणों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही थी। इस गंभीर समस्या को लेकर ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत से लेकर तहसील और कलेक्टर स्तर तक कई बार शिकायतें दर्ज कराई थीं, जिसके बाद प्रशासन को यह कड़ा कदम उठाना पड़ा। मौके पर मुस्तैद रहा भारी बल, दोबारा कब्जा करने पर होगी चालानी कार्रवाई अतिक्रमण हटाने की इस पूरी कार्रवाई के दौरान किसी भी विवाद से निपटने के लिए भारी पुलिस बल तैनात रहा। मौके पर नायब तहसीलदार मुकेश गुप्ता, थाना प्रभारी अरविंद सिंह तोमर, पंचायत सचिव अर्जुन सिंह चौहान, पटवारी और कोटवार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान चेतावनी दी गई कि यदि किसी ने दोबारा अतिक्रमण करने का प्रयास किया, तो ग्राम पंचायत द्वारा सख्त चालानी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में नलखेड़ा रोड के शेष हिस्सों पर भी इसी तरह का अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाया जाएगा। ईएमएस/ राजेश कलजोरिया/ 05 जून 2026