पौधा रोपण करते कर्मचारी। शाजापुर (ईएमएस)। विश्व पर्यावरण दिवस पर जिले के संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों ने जहां एक ओर पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया, वहीं दूसरी ओर अपने हक की लड़ाई लड़ते हुए हड़ताल स्थल से राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) भोपाल के अपर मिशन संचालक के खिलाफ मुख्यमंत्री को शिकायत भी भेजी। पर्यावरण संरक्षण एवं हरित वातावरण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों द्वारा शुक्रवार को एक विशेष पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कर्मचारियों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे और उनके संरक्षण व संवर्धन का संकल्प लिया। कार्यक्रम में मौजूद कर्मचारियों ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। वृक्षारोपण न केवल पर्यावरण का संतुलन बनाए रखने में सहायक है, बल्कि आने वाली पीढि़यों के लिए स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम भी है। पौधारोपण कार्यक्रम के दौरान सभी ने अधिक से अधिक पेड़ लगाने तथा आमजन को पर्यावरण के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया। कार्यक्रम का समापन रोपे गए पौधों की नियमित देखभाल की शपथ के साथ हुआ। अपर मिशन संचालक के तानाशाही रवैये से रोष, सीएम को किया ईमेल एक तरफ कर्मचारी सामाजिक सरोकार निभा रहे हैं, तो दूसरी तरफ अपनी मांगों को लेकर उनका आंदोलन भी जारी है। हड़ताल स्थल से ही संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों ने एनएचएम भोपाल में कार्यरत अपर मिशन संचालक की कार्यप्रणाली को लेकर मुख्यमंत्री को ईमेल के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई है। कर्मचारियों ने बताया कि गत दिवस आयोजित एक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में अपर मिशन संचालक द्वारा संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से नौकरी से हटाने की धमकी दी गई थी। अधिकारियों के इस रवैये से कर्मचारियों में भारी आक्रोश है। इससे नाराज होकर प्रदेश संगठन के आह्वान पर मुख्यमंत्री और वरिष्ठ अधिकारियों को शिकायत भेजकर मामले में हस्तक्षेप और उचित कार्रवाई की मांग की गई है। ईएमएस/ राजेश कलजोरिया/ 05 जून 2026