क्षेत्रीय
05-Jun-2026
...


- जिलेभर में मनाया गया विश्व पर्यावरण दिवस जबलपुर (ईएमएस)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नगर निगम ने शहर को अधिक हरित और पर्यावरण अनुकूल बनाने के उद्देश्य से डुमना नेचर पार्क में पौधरोपण अभियान की शुरुआत की। अभियान के पहले चरण में 1100 पौधे लगाए गए। कार्यक्रम में महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, कैंट विधायक अशोक रोहाणी, निगमाध्यक्ष रिंकू विज सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए। पौधरोपण कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य, पार्षद और नगर निगम के अधिकारियों ने भी सक्रिय भागीदारी की। विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों के विद्यार्थियों ने भी पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान सभी ने पौधों की देखरेख और हरियाली बढ़ाने के संकल्प को दोहराया। महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने बताया कि शासन के निर्देशों के अनुरूप नगर निगम ने शहर में 11 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके तहत डुमना नेचर पार्क से अभियान की शुरुआत की गई है। उन्होंने कहा कि बड़े पैमाने पर पौधरोपण से शहर का पर्यावरण बेहतर होगा और प्रदूषण नियंत्रण में भी मदद मिलेगी। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर और विधायक अशोक रोहाणी ने कहा कि पौधरोपण केवल औपचारिकता नहीं बल्कि भविष्य की पीढ़ियों के प्रति जिम्मेदारी है कलेक्टर एसपी ने गढ़ा थाने में पौधरोपण……. विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह एवं पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने गढ़ा थाना परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण की जिम्मेदारी निभाने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि वृक्ष पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के साथ स्वच्छ व स्वस्थ वातावरण प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी का अभियान बनाने पर जोर देते हुए आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित भविष्य सुनिश्चित करने का आह्वान किया। रेल मंडल ने चलाया हरित जागरूकता अभियान…….. विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर रेल मंडल ने पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए। मंडल रेल प्रबंधक कमल कुमार तलरेजा ने अधिकारियों और कर्मचारियों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई। साथ ही रेलवे परिसरों, कॉलोनियों और स्टेशनों पर पौधारोपण, स्वच्छता अभियान तथा जन-जागरूकता गतिविधियां संचालित की गईं। रेल मंडल ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण को सतत प्रक्रिया के रूप में अपनाते हुए वृक्ष संवर्धन, जल संरक्षण, कचरा प्रबंधन और सिंगल यूज प्लास्टिक उन्मूलन जैसे प्रयास लगातार जारी रहेंगे। वेटरनरी विश्वविद्यालय में पौधरोपण…….. विश्व पर्यावरण दिवस पर नानाजी देशमुख पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय एवं संबद्ध महाविद्यालयों में पौधरोपण और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कुलगुरु डॉ. मनदीप शर्मा के मार्गदर्शन में विश्वविद्यालय परिसर, मत्स्य विज्ञान महाविद्यालय और पशु चिकित्सा एवं पशुपालन महाविद्यालय में अमलतास, कचनार और नीम सहित विभिन्न पौधों का रोपण किया गया। अपोलो हॉस्पिटल में वृक्षारोपण ....... विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर अपोलो जेबीपी हॉस्पिटल्स, जबलपुर में पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के संकल्प के साथ विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर चेयरमैन डॉ. सौरभ बड़ेरिया, डायरेक्टर डॉ. शोभित बड़ेरिया, सीईओ डॉ. पुनीत मेहता, डायरेक्टर निलेश रावल सहित हॉस्पिटल के वरिष्ठ चिकित्सकों एवं अधिकारियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर चेयरमैन डॉ. सौरभ बड़ेरिया ने कहा कि जिस प्रकार अस्पताल मानव स्वास्थ्य की रक्षा के लिए कार्य करता है, उसी प्रकार पर्यावरण की सुरक्षा भी स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए अत्यंत आवश्यक है। स्वच्छ वायु, स्वच्छ जल और हरित वातावरण बेहतर स्वास्थ्य की नींव हैं। अपोलो जेबीपी हॉस्पिटल्स के डायरेक्टर डॉ. शोभित बड़ेरिया, डॉ. पुनीत मेहता एवं निलेश रावल ने भी सभी नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया। बड़ेरिया चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा वृक्षारोपण ... बड़ेरिया चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा बड़ेरिया मेट्रो प्राइम हॉस्पिटल परिसर में पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक प्रेरणादायक वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर हॉस्पिटल के डायरेक्टर राजीव बड़ेरिया ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर प्रमुख रूप से योगेश गणोरे, राजीव चतुर्वेदी, पंकज गोस्वामी (मुख्य संरक्षक), सुनील श्रॉफ, संजय खटी, अरुण नीखरा, अनुभव मातेले, राजेश सारावगी एवं श्रीनिवास महाराणा जी उपस्थित रहे। सुनील साहू / शहबाज / 05 जून 2026/ 07.00