क्षेत्रीय
05-Jun-2026
...


- एथेनॉल प्लांट छिंदवाड़ा के लिए जारी हुआ था आरओ, संचेती राइस मिल में खड़ा मिला ट्रक - राइस मिल मालिक समेत 3 पर एफआईआर दर्ज प्रशासन ने एफसीआई के 242 क्विंटल सीएमआर चावल की पकड़ी हेराफेरी बिना दस्तावेज राइस मिल में खड़ा था ट्रक बालाघाट (ईएमएस). एफसीआई के सीएमआर चावल की हेराफेरी का बड़ा मामला सामने आया है, जिसमें 242 क्विंटल से अधिक कस्टम मिल्ड राइस (सीएमआर) को संचेती राइस मिल वारासिवनी में संदिग्ध परिस्थितियों में पकड़ा गया। प्रशासन की जांच में चावल को डायवर्ट कर गड़बड़ी करने की साजिश का खुलासा हुआ है। इस मामले में राइस मिल संचालक समेत तीन लोगों पर एफआईआर दर्ज की गई है। कलेक्टर मृणाल मीना के निर्देश पर वारासिवनी एसडीएम कार्तिकेय जायसवाल द्वारा गठित टीम ने संचेती राइस मिल में दबिश देकर ट्रक क्रमांक सीजी 04 जेडी 3147 में 490 बोरियों में भरा 242 क्विंटल 55 किलो सीएमआर चावल संदिग्ध स्थिति में बरामद किया। जांच में सामने आया कि यह चावल एफसीआई गोदाम नवेगांव से एव्हीजे एग्रीको प्रायवेट लिमिटेड के एथेनॉल प्लांट (बोरगांव, छिंदवाड़ा) के लिए 3 जून को रवाना किया गया था, लेकिन संबंधित ट्रक अपने गंतव्य तक पहुंचने के बजाय वारासिवनी स्थित संचेती राइस मिल में खड़ा मिला। दस्तावेज उपलब्ध नहीं करा पाया ट्रक चालक मौके पर चालक से परिवहन दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद प्रशासन ने चावल सहित ट्रक को जब्त कर पुलिस अभिरक्षा में खड़ा करा दिया। प्रशासन पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रहा है और आगे और भी बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है। चावल को रिसाइकिल करने की संभावना जांच में यह भी खुलासा हुआ कि एथेनॉल प्लांट के प्रतिनिधि राहुल प्रताप द्वारा एफसीआई के चावल को स्थानीय राइस मिल में खपाकर सस्ते दामों में चावल खरीदकर एथेनॉल निर्माण का प्रयास किया जा रहा था। वहीं संचेती राइस मिल में कस्टम मिलिंग के तहत चावल को रिसाइकिल कर जमा कराने की साजिश भी सामने आई है। इनके खिलाफ दर्ज हुआ अपराध मामले में संचेती राइस मिल के प्रोपराइटर सौरभ संचेती, एथेनॉल प्लांट के प्रतिनिधि राहुल प्रताप और ट्रक चालक दुर्गेश शेन्द्रे के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 316(3) और 3(5) के तहत वारासिवनी थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। मिल के कस्टम मिलिंग के आरओ पर रोक इधर, नागरिक आपूर्ति निगम ने संचेती राइस मिल को धान आवंटन और कस्टम मिलिंग के आरओ पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है। मिल को जारी 68 लॉट में से 12 लॉट का चावल अब तक जमा नहीं किया गया है, जिसे तत्काल जमा कराने के निर्देश दिए गए हैं। भानेश साकुरे / 05 जून 2026