क्षेत्रीय
05-Jun-2026
...


- किसानों को ठगने की आशंका, नियमों को ताक पर रखकर भरा गया भारी स्टॉक - कलेक्टर के निर्देश पर कार्रवाई, कृषि विभाग की बड़ी दबिश बालाघाट (ईएमएस). किसानों के नाम पर धान बीज के बड़े खेल का खुलासा हुआ है। कृषि विभाग की छापेमार कार्रवाई में 510 क्विंटल से अधिक बीज का अवैध भंडारण पकड़ा गया है। मामले में धोखाधड़ी की आशंका को देखते हुए कृषि केंद्र को सील कर दिया गया है और संचालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। कलेक्टर मृणाल मीना के निर्देश पर जिले में कृषि आदानों की जांच के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कृषि विभाग ने परसवाड़ा तहसील के ग्राम कोसमी स्थित बजरंग कृषि केंद्र में बड़ी कार्रवाई की। 23 मई को सहायक संचालक कृषि राजेश खोबरागड़े, एसडीओ कृषि एसआर धुर्वे एवं टीम ने केंद्र का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान केंद्र में उपलब्ध बीज स्टॉक एवं दस्तावेजों का मिलान किया गया, जिसमें भारी अनियमितता सामने आई। निरीक्षण में पाया गया कि केंद्र के प्रोपराइटर सूरजलाल हिरवाने द्वारा नियमों को दरकिनार करते हुए 510 क्विंटल 79 किलोग्राम धान बीज का अवैध भंडारण किया गया था। इसमें श्री सीड्स हैदराबाद का 462 क्विंटल 70 किलो और सीड वर्क इंटरनेशनल लिमिटेड तेलंगाना का 48 क्विंटल 09 किलो बीज शामिल है। मामले की गंभीरता को देखते हुए कृषि विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए केंद्र को सील कर दिया। साथ ही बीज निरीक्षक प्रीति पंद्राम द्वारा 4 जून को परसवाड़ा थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संचालक सूरजलाल हिरवाने के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 314(4), बीज अधिनियम और अत्यावश्यक वस्तु अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। अधिकारियों के अनुसार, अवैध भंडारण के जरिए किसानों को भ्रमित कर उनके साथ धोखाधड़ी किए जाने की आशंका है। फिलहाल पुलिस और कृषि विभाग संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रहे हैं। कृषि विभाग ने साफ किया है कि किसानों के हितों से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। भानेश साकुरे / 05 जून 2026