अंतर्राष्ट्रीय
06-Jun-2026
...


-नताली बोलीं- पाक का मजूबत होना अमेरिका के हित में इस्लामाबाद (ईएमएस)। अमेरिका की कार्यवाहक राजदूत नताली ए. बेकर ने पाकिस्तान की जमकर तारीफ कर कहा है कि एक मजबूत और स्थिर पाकिस्तान अमेरिका के हित में है। उन्होंने इस्लामाबाद में अमेरिका और ईरान के बीच हुई उच्च स्तरीय कूटनीतिक वार्ता की मेजबानी को पाकिस्तान की बड़ी उपलब्धि बताकर देश के आधुनिक इतिहास का एक महत्वपूर्ण क्षण बताया। अमेरिकी स्वतंत्रता की 250वीं वर्षगांठ के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में बेकर ने कहा कि अप्रैल में इस्लामाबाद ने अमेरिका और ईरान के बीच 1979 की ईरानी क्रांति के बाद की सबसे महत्वपूर्ण उच्च स्तरीय बातचीत की मेजबानी की। उनके अनुसार, दोनों देशों के बीच यह संवाद तब संभव हुआ जब क्षेत्र में कई तरह की चुनौतियां मौजूद थीं और पाकिस्तान ने मध्यस्थता के लिए अनुकूल माहौल उपलब्ध कराया। बेकर ने बताया कि यह वार्ता करीब 21 घंटे तक चली और इसकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पाकिस्तान ने 10 हजार से अधिक सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की थी। इसके अलावा कई प्रमुख मार्गों को अस्थायी रूप से बंद किया गया ताकि बातचीत बिना किसी व्यवधान के संपन्न हो सके। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के अमेरिका और ईरान दोनों के साथ संतुलित संबंध हैं तथा वह इस विवाद का प्रत्यक्ष पक्ष नहीं है, जिसके कारण इस्लामाबाद बातचीत के लिए उपयुक्त स्थल साबित हुआ। अमेरिकी राजनयिक ने कहा कि इस महत्वपूर्ण आयोजन को लेकर कई पाकिस्तानी नागरिकों को भी शुरुआत में विश्वास नहीं हो रहा था। उन्होंने पाकिस्तानी अधिकारियों और सहयोगी संस्थाओं की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने बेहद पेशेवर और शांत तरीके से अपनी जिम्मेदारियां निभाईं। बेकर ने कहा कि यह पाकिस्तान के लिए गर्व का क्षण था और उसने अपनी भूमिका प्रभावी ढंग से निभाई। कार्यक्रम में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ, वरिष्ठ सरकारी अधिकारी, राजनयिक, कारोबारी और नागरिक समाज के प्रतिनिधि मौजूद थे। बेकर ने प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नेतृत्व की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि हाल के वर्षों में सुरक्षा, व्यापार और कूटनीतिक सहयोग के क्षेत्र में दोनों देशों के संबंध और अधिक मजबूत हुए हैं, जिससे द्विपक्षीय साझेदारी को नई दिशा मिली है। आशीष/ईएमएस 06 जून 2026