अंतर्राष्ट्रीय
07-Jun-2026
...


-ईरानी नेता ने कहा- होर्मुज का शिपिंग रूट अब युद्ध के पहले वाली स्थिति में नहीं लौटेगा तेहरान,(ईएमएस)। ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर अमेरिका को चेताया है। ईरान की संसद के डेप्युटी स्पीकर अली निकजाद ने कहा है कि होर्मुज जलडमरूमध्य तेहरान के लिए परमाणु बम से भी ज्यादा जरूरी है। एक इंटरव्यू के दौरान उन्होंने कहा कि होर्मुज का अंतरराष्ट्रीय शिपिंग रूट अब युद्ध के पहले वाली स्थिति में कभी नहीं लौटेगा। निकजाद ने कहा कि इस्लामिक रिपब्लिक का परमाणु बम होर्मुज स्ट्रेट ही है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक निकजाद ने इस अहम अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा जलमार्ग पर ईरान के नियंत्रण को परमाणु क्षमता से भी अहम रणनीतिक संपत्ति बताया है। उन्होंने कहा कि युद्धविराम और होर्मुज को लेकर अमेरिका का रुख विरोधाभासी है। साथ ही दावा किया कि इस मुद्दे पर तेहरान का नजरिया रणनीतिक रूप से बिल्कुल साफ है। होर्मुज स्ट्रेट हमारे लिए परमाणु बम से भी ज्यादा जरूरी है। हमारा परमाणु बम होर्मुज स्ट्रेट है। ईरानी स्पीकर ने कहा कि सैन्य ताकत के दम पर अपनी मर्जी थोपने का अमेरिका का दौर खत्म हो चुका है। इसके साथ ही चेतावनी दी कि अमरिका को नई क्षेत्रीय व्यवस्था को स्वीकार करना होगा या ईरान की शर्तों को मानना होगा, नहीं तो दुश्मन के अपमान का सिलसिला जारी रहेगा। इस बीच अमेरिकी सेना ने होर्मुज स्ट्रेट के करीब ईरान के दो हमलावर ड्रोन को मार गिराने का दावा किया है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने रविवार सुबह कहा कि उसने ईरान के दो अटैक ड्रोन को नष्ट कर दिया। इसने कहा कि ये ड्रोन होर्मुज में अंतरराष्ट्रीय जहाजों की आवाजाही के लिए खतरा पैदा कर रहे थे। इसके पहले शनिवार को ईरान ने कुवैत और बहरीन पर मिसाइल और ड्रोन से हमले किए थे। ईरान की आईआरजीसी ने कहा था कि उसने केशम द्वीप पर अमेरिका हमले के जवाब में कुवैत में अल सलीम एयर बेस और बहरीन में अमेरिका के पांचवें बेड़े के मुख्यालय पर हमला किया। कुवैत और बहरीन दोनों ने शनिवार को अपने देशों पर ईरान के नए हमलों की आलोचना की और इसे संप्रभुता का खुला उल्लंघन और इलाके की स्थिरता के लिए खतरनाक बताया था। सिराज/ईएमएस 07जून26