- अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज मुंबई, (ईएमएस)। मुंबई के पश्चिमी उपनगर गोरेगांव इलाके में एक दर्दनाक हिट-एंड-रन दुर्घटना में 24 वर्षीय डिलीवरी बॉय मोहम्मद जैन सुमरा की आख़िरकार मौत हो गई। सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल होने के बाद वह 11 दिनों तक अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझता रहा, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ लापरवाही और तेज रफ्तार से वाहन चलाने का मामला दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार, मोहम्मद जैन सुमरा अपने परिवार के साथ मीरा रोड में रहता था। वह पहले एक कॉल सेंटर में काम करता था, लेकिन लगभग एक महीने पहले नौकरी छोड़कर एक फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म से डिलीवरी बॉय के रूप में जुड़ गया था। 20 मई को सुमरा की मां को एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया। फोन करने वाले ने बताया कि उनका बेटा जोगेश्वरी स्थित ट्रॉमा केयर अस्पताल में भर्ती है। यह सूचना मिलते ही सुमरा के माता-पिता तुरंत अस्पताल पहुंचे। वहां उन्हें पता चला कि सुमरा सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गया है। हादसे के बाद सुमरा बेहोशी की हालत में था और उसका इलाज चल रहा था। बाद में परिवार ने उसे बेहतर उपचार के लिए होली स्पिरिट अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसे आईसीसीयू (इंटेंसिव कार्डियक केयर यूनिट) में रखा गया। गंभीर चोटों के कारण सुमरा की हालत लगातार नाजुक बनी रही। डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद 31 मई को उसने अस्पताल में अंतिम सांस ली। उसकी मौत से परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस जांच में सामने आया कि 20 मई को गोरेगांव-मुलुंड लिंक रोड स्थित एमटीएनएल ब्रिज पर एक अज्ञात वाहन ने सुमरा की बाइक को टक्कर मार दी थी। टक्कर मारने के बाद चालक मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद कुछ लोगों ने घायल सुमरा को अस्पताल पहुंचाया था। गोरेगांव पुलिस ने 3 जून को अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और फरार वाहन चालक की पहचान करने का प्रयास कर रही है। संजय/संतोष झा- ०६ जून/२०२६/ईएमएस